अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप पर 2024 में हुई गोलीबारी में सुरक्षा खामियों का ब्योरा सामने आया है।
होमलैंड सिक्योरिटी डिपार्टमेंट के ऑफिस ऑफ इंस्पेक्टर जनरल की गुरुवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार, एजेंसी ने लोकल लॉ एनफोर्समेंट के साथ कोई जॉइंट कम्युनिकेशन रूम नहीं बनाया था।
कहा जाता है कि यूएस सीक्रेट सर्विस उन 102 लोकल पुलिस रेडियो मैसेज को नहीं सुन पाई, जो उस बंदूकधारी के बारे में थे जिसने जुलाई 2024 में पेंसिल्वेनिया के बटलर में एक कैंपेन रैली के दौरान ट्रंप की हत्या की कोशिश की थी।
रेडियो पर लगातार दी जा रही थी संदिग्ध के बारे में जानकारी
रिपोर्ट में कहा गया है कि लोकल लॉ एनफोर्समेंट अधिकारी एक संदिग्ध व्यक्ति के बारे में रेडियो पर लगातार जानकारी शेयर कर रहे थे। बाद में इस व्यक्ति की पहचान 20 साल के थॉमस क्रूक्स के तौर पर हुई।
हालांकि, सीक्रेट सर्विस इन कम्युनिकेशन से काफी हद तक कटी हुई थी। रेडियो मैसेज मिलने के बजाय, एजेंसी को क्रूक्स के बारे में सिर्फ पांच फोन कॉल और तीन टेक्स्ट मैसेज से जानकारी मिली।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, इंस्पेक्टर जनरल की रिपोर्ट में कहा गया, “नतीजतन सीक्रेट सर्विस के सदस्यों ने प्रेसिडेंट ट्रंप की सुरक्षा टीम को संदिग्ध व्यक्ति के बारे में चिंताओं से अलर्ट नहीं किया।”
ट्रंप के कान को छूकर निकली थी गोली
13 जुलाई, 2024 को जब ट्रंप एक रैली में समर्थकों को संबोधित कर रहे थे तब क्रूक्स ने गोलीबारी की। इस घटना में एक दर्शक की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गए, जिनमें ट्रंप भी शामिल थे। उनके कान पर गोली छूकर निकल गई।
मौके पर मौजूद सुरक्षा अधिकारियों ने क्रूक्स को गोली मारकर ढेर कर दिया। रिपोर्ट में कहा गया है कि गोलीबारी शुरू करने से पहले क्रूक्स पास की एक छत पर पहुंच गया था, जहां से ट्रंप पर सीधा निशाना साधा जा सकता था।
ड्रोन सिस्टम भी नहीं कर रहा था काम
जांचकर्ताओं ने एजेंसी के काउंटर-ड्रोन ऑपरेशन्स में भी कमियां पाईं। रिपोर्ट के अनुसार, गोलीबारी से कुछ घंटे पहले क्रूक्स ने रैली वाली जगह के ऊपर लगभग नौ मिनट तक ड्रोन उड़ाया था, लेकिन इसका पता नहीं चल सका क्योंकि सीक्रेट सर्विस का काउंटर-ड्रोन सिस्टम काम नहीं कर रहा था।
रिपोर्ट के अनुसार, सिस्टम का संचालन एक ही अधिकारी द्वारा किया गया था, जिसने कार्यक्रम से पहले उपकरण का परीक्षण नहीं किया था। रिपोर्ट में कहा गया है कि ऑपरेटर को मरम्मत करने में कई घंटे लग गए, जिससे क्रूक्स को बिना किसी की नजर में आए ड्रोन उड़ाने का मौका मिल गया।