इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता के बाहर दो ट्रेनों की टक्कर हो गई, जिसमें 14 यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है। हादसे में 84 अन्य घायल भी हुए हैं।
सरकारी रेल कंपनी KAI के प्रवक्ता फ्रानोटो विबोवो ने घटनास्थल पर Kompas TV को बताया, ‘अस्पताल के रिकॉर्ड से पता चलता है कि 14 पीड़ितों की मौत हो गई है।’
फ्रानोटो विबोवो ने आगे कहा कि सेना, दमकल विभाग और राष्ट्रीय खोज और बचाव एजेंसी की मदद से मलबे से पीड़ितों को निकालने का काम अभी भी जारी है।
इंडोनेशिया में ट्रेनों के बीच भीषण टक्कर
समाचार एजेंसी एएफपी ने कई स्थानीय मीडिया रिपोर्टों का हवाला देते हुए बताया कि यह टक्कर बेकासी तिमुर स्टेशन के पास हुई, जो जकार्ता से लगभग 25 किलोमीटर (15 मील) दूर है।
फ्रानोटो ने बताया, ‘जहां तक पीड़ितों की बात है, हमने उन्हें जल्द से जल्द पास के अस्पतालों में पहुंचाने की पूरी कोशिश की है। हम अभी भी डेटा और सबूत इकट्ठा करने की प्रक्रिया में हैं। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी बाद में संबंधित अधिकारियों द्वारा दी जाएगी।’
कैसे हुआ हादसा?
Antara की एक रिपोर्ट के मुताबिक, बेकासी तिमुर स्टेशन पर एक कम्यूटर लाइन ट्रेन और एक लंबी दूरी की डीजल ट्रेन के बीच हुई टक्कर में कई यात्री घायल हो गए।
कम्यूटर लाइन ट्रेन ट्रैक 1 पर रुकी हुई थी और पूरब की ओर सिकांग जा रही थी। कुछ ही देर बाद, पश्चिम दिशा से आ रही एक लंबी दूरी की ट्रेन उसी ट्रैक पर आ गई और कम्यूटर लाइन ट्रेन से सामने से टकरा गई।
स्थानीय मीडिया ने घटनास्थल पर मौजूद एक यात्री के हवाले से घटना की जानकारी दी। यात्री ने बताया, ‘कम्यूटर लाइन ट्रेन का पिछला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था। अधिकारियों ने हमें तुरंत बाहर निकाल लिया।’