भारत में घरेलू हवाई यात्री यातायात अगस्त में सालाना आधार पर 6.34 प्रतिशत घटकर 121.26 लाख रह गया। सभी भारतीय एयरलाइन कंपनियों ने अगस्त 2025 में कुल 129.47 लाख यात्रियों को हवाई यात्रा कराई थी।
नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने कहा, “जनवरी-अगस्त 2026 अवधि के दौरान घरेलू एयरलाइन कंपनियों ने 1,105.30 लाख यात्रियों को यात्रा कराई, जबकि पिछले वर्ष की इसी अवधि में यह संख्या 1,107.26 लाख थी। “
समीक्षाधीन महीने में इंडिगो की बाजार हिस्सेदारी जुलाई के 67.4 प्रतिशत से घटकर 65 प्रतिशत रह गई। वहीं, संकटग्रस्त स्पाइसजेट की बाजार हिस्सेदारी भी जुलाई के 1.6 प्रतिशत से घटकर 1.2 प्रतिशत रह गई।
इसके विपरीत, एअर इंडिया समूह की बाजार हिस्सेदारी अगस्त में बढ़कर 26.7 प्रतिशत हो गई, जो जुलाई 2026 के मुकाबले 2.7 प्रतिशत अधिक है।
डीजीसीए के आंकड़ों के अनुसार, अकासा एयर की बाजार हिस्सेदारी अगस्त में जुलाई के समान 5.5 प्रतिशत रही।
अगस्त 2026 में 10 प्रमुख हवाई अड्डों पर समय पर उड़ान संचालन (ओटीपी) के मामले में इंडिगो 91.5 प्रतिशत के साथ सबसे आगे रही। इसके बाद अकासा एयर 90.5 प्रतिशत और एयर इंडिया समूह 83.9 प्रतिशत के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।