अमेरिका के एक शॉपिग मॉल में एक कियोस्क कर्मचारी पर कथित तौर पर उसके धर्म की वजह से हमला किया गया।
कोर्ट के दस्तावेजों के मुताबिक, 48 साल के पीटर माइकल लार्सन ने जांचकर्ताओं को बताया कि उसने जान-बूझकर पीड़ित को निशाना बनाया क्योंकि वह मुस्लिम था और उसका मकसद मुसलमानों को मारना है।
यह घटना सोमवार को वेस्ट वैली सिटी के वैली फेयर मॉल के अंदर हुई। पुलिस का कहना है कि लार्सन उन कर्मचारी के पास गया, जिसकी पहचान बाद में दोस्तों ने सोहेल के तौर पर की और हमला करने से पहले उससे बातचीत की और उसके धर्म के नाम के बारे में पूछा।
अधिकारियों ने लार्सन पर हत्या की कोशिश और खतरनाक हथियार रखने का आरोप लगाया है। उसे साल्ट लेक काउंटी जेल में रखा गया है।
‘मैं भारत से हूं, मुस्लिम हूं’
पाल की एक ज्वेलरी की दुकान में काम करने वाली लूना नुनेज में ABC साल्ट लेक सिटी को बताया कि लार्सन ने सबसे पहले सोहेल से पूछा कि वह कहां से है। उसने पूछा कि तुम कहां से हो, तो सोहेल ने उसे बताया कि मैं भारत से हूं और मेरा नाम सोहेल है। लार्सन ने पूछा कि क्या तुम मुस्लिम हो, जवाब में सोहेल में कहा कि हां, इतना सुनते ही उसने चाकू से हमला करना शुरू कर दिया।
सोहेल पर लार्सन ने किया चाकू से हमला
यूटा इस्लामिक सेंटर के इमाम शोएब दीन ने साल्ट लेक ट्रिब्यून को बताया कि लार्सन ने सोहेल से पानी की बोतल भी मांगी थी। जैसे ही सोहेल उसे लेने के लिए मुड़ा, संदिग्ध ने कथित तौर पर चाकू निकाला और उस पर हमला कर दिया।
नुनेज द्वारा शुरू किए गए एक GoFundMe कैंपेन के मुताबिक, सोहेल को 15 बार चाकू मारा गया। उसकी कई सर्जरी हो चुकी हैं और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
लार्सन जनता के लिए खतरा- पुलिस
पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले, आस-पास मौजूद कई लोगों ने लार्सन को काबू किया और उसे नीचे दबाए रखा, जिससे हमला आगे नहीं बढ़ पाया। जांचकर्ताओं ने कहा कि लार्सन जनता के लिए बड़ा खतरा है क्योंकि उसकी विचारधारा और हरकतें हिंसक हैं, जो बड़े पैमाने पर समाज को नुकसान पहुंचाने वाली हैं।