जर्मनी के लीपजिंग में बीबीए की पढ़ाई कर रहे एक भारतीय छात्र की डूबने की एक संदिग्ध घटना में मौत हो गई। ये छात्री मंगलुरु के मराकडा-कुंजथबैल का रहने वाला था।
मृतक की पहचान 21 साल के मोहम्मद अनीज अबूबकर के तौर पर हुई है। पूछताछ के लिए चार छात्रों को पुलिस हिरासत में लिया गया है, जिनमें दो भारतीय शामिल हैं। अनीज हाले के रहन एजुकेशन इंस्टीट्यूशन में बीबीए का तीसरे सेमेस्टर का छात्र था। मंगलुरु में अपनी प्री-यूनिवर्सिटी की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह लगभग 18 महीने पहले जर्मनी चला गया था।
पिता सऊदी अरब में करते हैं काम
उसके पिता मरकडा अबूबकर सिद्दीक सऊदी अरब में काम करते हैं। अनीज गुरुवार सुबह अपने क्लासमेट्स और दोस्तों के साथ ट्रेकिंग पर गया था। यह जानकारी पीए हमीद पडुबिद्री ने दी, जो एक प्रो-बोनो वकील हैं और अनीज के पार्थिव शरीर को मंगलुरु वापस लाने के लिए बर्लिन में भारतीय दूतावास के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
वॉटर रिक्रिएशन एरिया से अनीज का शव बरामद
इसके बाद यह ग्रुप लीपजिग में रेड बुल एरिना के पास एक वॉटर रिक्रिएशन एरिया (पानी के पास मनोरंजन की जगह) में गया। गुरुवार देर दोपहर लैंडॉवर ब्रिज इलाके में इमरजेंसी सर्विस वालों को बुलाया गया, जहां से अनीज का शव बरामद किया गया।