अमेरिका: करोड़ों के अवैध जुआ रैकेट मामले में भारतीय मूल के शख्स ने कबूला जुर्म, 20 साल तक की हो सकती है सजा…

संयुक्त राज्य अमेरिका में रहने वाले गुजरात मूल के एक व्यक्ति ने दक्षिण-पश्चिम मिसूरी में चल रहे करोड़ों डॉलर के अवैध जुआ और सट्टेबाजी नेटवर्क के मामले में अपना गुनाह कबूल कर लिया है। अमेरिकी न्याय विभाग (DOJ) द्वारा जारी बयान के अनुसार, आरोपी ने स्वीकार किया है कि वह उस बड़े रैकेट का हिस्सा था जिसने अवैध गतिविधियों के जरिए लगभग 95 लाख डॉलर की काली कमाई की थी।

वर्तमान में जॉर्जिया में रह रहे 40 वर्षीय तुषार पटेल ने मिसूरी के स्प्रिंगफील्ड की एक संघीय अदालत में ऑनलाइन धोखाधड़ी की साजिश रचने, अवैध जुआ व्यवसाय चलाने और मनी लॉन्ड्रिंग की साजिश के आरोपों को स्वीकार किया है।

अमेरिकी सरकारी वकीलों के अनुसार, तुषार पटेल और उसके साथियों ने मिलकर अवैध जुआ अड्डों का एक बहुत बड़ा नेटवर्क तैयार किया हुआ था। कानून की नजरों से बचने के लिए इन ठिकानों को इंटरनेट मनोरंजन आर्केड, स्किल-गेम सेंटर और एडल्ट आर्केड का रूप दिया गया था, ताकि वे वैध व्यवसाय दिखाई दें।

जांच में सामने आया है कि इन केंद्रों के भीतर जुए के उपकरण, किस्मत आजमाने वाले खेल और स्लॉट-मशीन जैसे खेलों का संचालन किया जा रहा था, जो कि संघीय और मिसूरी राज्य के कानूनों का पूरी तरह से उल्लंघन था।

काली कमाई को ठिकाने लगाने की साजिश

अदालत में तुषार पटेल ने स्वीकार की है कि उसने और उसके सहयोगियों ने अवैध अड्डों से करीब 95 लाख डॉलर की मोटी कमाई की थी। इसके बाद इस काली कमाई को कानून की नजरों से छिपाने और उसे वैध बनाने के लिए कई तरह के जटिल वित्तीय लेन-देन किए गए, जिसे मनी लॉन्ड्रिंग कहा जाता है।

यह मामला एक बहुत बड़ी संघीय जांच का हिस्सा है, जिसके तहत मई 2025 में एक ग्रैंड जूरी द्वारा तुषार पटेल और आठ अन्य लोगों के खिलाफ 72 मामलों की एक बड़ी चार्जशीट पेश की गई थी। जांचकर्ताओं का आरोप है कि यह पूरी साजिश जुलाई 2022 से मई 2025 के बीच रची गई और दक्षिण-पश्चिम मिसूरी के कई इलाकों में इसे अंजाम दिया गया।

कानूनी और मनोरंजन व्यवसाय के रूप में पेश

फेडरल अधिकारियों ने खुलासा किया कि आरोपियों ने इन ठिकानों को चलाने के लिए स्थानीय स्तर पर कर्मचारियों को काम पर रखा था, ताकि समाज के सामने इसे एक कानूनी और मनोरंजन व्यवसाय के रूप में पेश किया जा सके। लेकिन बाद में गहन जांच के बाद अधिकारियों ने यह निष्कर्ष निकाला कि ये सभी स्थान असल में अवैध जुआ केंद्रों के रूप में काम कर रहे थे।

प्रोसिक्यूटर्स के लिए तुषार पटेल का दोष स्वीकार करना इस मामले में एक बहुत बड़ी कामयाबी माना जा रहा है, हालांकि कई अन्य सह-आरोपियों के खिलाफ मामले अभी भी अदालत में लंबित हैं।

अमेरिकी संघीय कानून के तहत, तुषार पटेल को ऑनलाइन धोखाधड़ी की साजिश के लिए अधिकतम 20 साल, अवैध जुआ व्यवसाय चलाने के लिए 5 साल और मनी लॉन्ड्रिंग की साजिश के लिए और 20 साल की अधिकतम जेल की सजा हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *