लंदन में भारतीय मूल के एक दंपति और उनके 9 वर्षीय बेटे की 36वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई।
पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और फिलहाल इसे अप्रत्याशित मौत मानकर देखा जा रहा है।
यह घटना 27 मई को दक्षिण लंदन स्थित एक 46 मंजिला लग्जरी रिहायशी इमारत में हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने ऊंचाई से लोगों के गिरने की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंचीं। पैरामेडिक्स ने तीनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन मौके पर ही उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
लंदन में भारतीय मूल के दंपति और उनके बेटे की मौत
मृतकों की पहचान 47 वर्षीय राकेश पई, उनकी 46 वर्षीय पत्नी अदिति परळकर और उनके 9 वर्षीय बेटे सिड के रूप में हुई है। परिवार इमारत की 36वीं मंजिल पर रहता था।
स्थानीय सांसद नील कॉयल ने कहा कि पुलिस को आशंका है कि बच्चे की गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं इस त्रासदी की एक वजह हो सकती हैं। उन्होंने इसे भयानक फैसला बताया।
यह बेहद दुखद घटना- नील कॉयल
नील कॉयल ने इमारत के निवासियों को लिखे पत्र में कहा, “यह बेहद दुखद घटना है। कुछ स्थानीय लोगों ने इसे अपनी आंखों से देखा। जानकारी मिली है कि बच्चा ब्रिटेन में पैदा हुआ था और गंभीर बीमारियों से जूझ रहा था, जिसने परिवार पर भारी मानसिक दबाव डाला।”
रिपोर्ट के मुताबिक, दोस्तों के बीच ‘आदि’ और ‘रॉबिन’ के नाम से जाने जाने वाले यह दंपति वित्त और कंस्ट्रक्शन कंसल्टिंग क्षेत्र में काम करते थे। परिवार 2020 में बेटे सिड के इलाज के लिए भारत आया था, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार न होने पर 2025 में फिर ब्रिटेन लौट गया। हालांकि, परिवार के कुछ करीबी लोगों ने इसे हत्या-आत्महत्या मानने पर सवाल उठाए हैं।
एक मित्र ने कहा, “यह बात हमारी समझ से बाहर है। अदिति जरूर मानसिक दबाव में थीं, लेकिन राकेश काफी संयमित और मजबूत नजर आते थे। वह परिस्थितियों को अच्छी तरह संभाल रहे थे।”
परिवार के एक अन्य करीबी ने बताया कि बेटे की देखभाल का अदिति की मानसिक स्थिति पर गहरा असर पड़ा था। एक पड़ोसी ने पुलिस को बताया कि घटना से कुछ सप्ताह पहले परिवार के फ्लैट से चिल्लाने और झगड़े की आवाजें सुनाई देती थीं।
तीनों की मौत को फिलहाल अप्रत्याशित माना जा रहा है- पुलिस
मेट्रोपॉलिटन पुलिस के प्रवक्ता ने कहा, “तीनों की मौत को फिलहाल अप्रत्याशित माना जा रहा है। किसी अन्य के घायल होने की सूचना नहीं है। मृतकों की औपचारिक पहचान और मामले की जांच जारी है। परिजनों को सूचित कर दिया गया है और विशेषज्ञ अधिकारी उनकी सहायता कर रहे हैं।”
लंदन इनर साउथ क्षेत्र के वरिष्ठ कोरोनर जूलियन मॉरिस ने कहा कि मामले को उनके कार्यालय के पास भेजा गया है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद आधिकारिक तौर पर मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल जांच जारी है।