भारतीय मूल के बिजनेसमैन ने चुकाया 176 छात्रों का एजुकेशन लोन, ग्रेजुएशन समारोह में दिया खास सरप्राइज…

 अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना स्टेट यूनिवर्सिटी में ग्रेजुएशन समारोह के दौरान छात्रों को बड़ा सरप्राइज मिला। भारतीय मूल के परोपकारी अनिल कोचर ने घोषणा की कि वह 176 छात्रों के अंतिम वर्ष के शिक्षा ऋण का भुगतान करेंगे।

यह घोषणा रैले स्थित रेनॉल्ड्स कोलिजियम में विल्सन कॉलेज ऑफ टेक्सटाइल्स के दीक्षांत समारोह के दौरान की गई। अनिल कोचर समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि यह कदम उनके दिवंगत पिता प्रकाश चंद कोचर की याद में उठाया गया है, जो पंजाब से अमेरिका आए थे और इसी यूनिवर्सिटी के छात्र रहे थे।

छात्रों और परिवारों ने खड़े होकर किया सम्मान

अनिल कोचर ने कहा, “मेरे लिए यह गर्व की बात है कि मैं अपने पिता प्रकाश चंद कोचर के सम्मान में 2025-26 शैक्षणिक वर्ष के दौरान विल्सन कॉलेज के छात्रों द्वारा लिए गए अंतिम वर्ष के शिक्षा ऋण का भुगतान करूंगा।”

उनकी घोषणा सुनते ही समारोह में मौजूद छात्र और परिवार खड़े होकर तालियां बजाने लगे। उन्होंने छात्रों से कहा कि वह चाहते हैं कि सभी छात्र डिग्री के साथ-साथ अपने सपनों को पूरा करने की आजादी भी लेकर जाएं और जीवन में जोखिम लेने से न डरें।

छात्रों के लिए बड़ी राहत

यह योजना कॉलेज के 176 स्नातक छात्रों पर लागू होगी। इसके अलावा 26 मास्टर्स छात्रों ने भी इस वर्ष डिग्री हासिल की है। फैशन और टेक्सटाइल मैनेजमेंट की छात्रा एलिसा डी’कोस्टा ने कहा कि यह मदद उनके परिवार के लिए बहुत बड़ी राहत है। उन्होंने कहा कि प्रवासी परिवार से होने के कारण यह आर्थिक सहायता उनके लिए बेहद खास है।

यूनिवर्सिटी अधिकारियों के अनुसार, अनिल कोचर और उनकी पत्नी मेरिलिन ने यह घोषणा करने से पहले यूनिवर्सिटी प्रशासन और फाइनेंशियल एड विभाग के साथ पूरी योजना तैयार की थी।

पिता की याद में उठाया कदम

अनिल कोचर ने अपने भाषण में कहा कि करीब 80 साल पहले उनके पिता सिर्फ उम्मीद और मेहनत के भरोसे भारत से अमेरिका आए थे। उस समय उन्हें अंदाजा नहीं था कि यह सफर एक दिन इतनी बड़ी विरासत बन जाएगा।

प्रकाश चंद कोचर 1946 में पंजाब से अमेरिका आए थे। उन्होंने नॉर्थ कैरोलिना स्टेट यूनिवर्सिटी से टेक्सटाइल मैन्युफैक्चरिंग की पढ़ाई की और बाद में इसी क्षेत्र में अपना करियर बनाया। उनका निधन 1985 में हुआ था। अनिल कोचर ने कहा कि उनके पिता को इस यूनिवर्सिटी से सिर्फ शिक्षा नहीं मिली, बल्कि ऐसा अवसर मिला जिसने पूरे परिवार की जिंदगी बदल दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *