नगर निगमों के चुनाव को लेकर कांग्रेस व भाजपा मैराथन बैठकें कर उम्मीदवारों के नाम फाइनल करने में जुटी है। गुरुवार को दिल्ली में हुई आल इंडिया कांग्रेस कमेटी उच्च स्तरीय बैठक में सोनीपत और अबाला से मेयर प्रत्याशियों के नामों को फाइनल कर लिया गया है।
सूत्रों ने बताया कि सोनीपत से शहरी जिलाध्यक्ष कमल दिवान के नाम पर सहमति बनी है। वहीं बीसी-बी महिला के लिए आरक्षित अंबाला में मेयर के लिए सैनी बिरादरी की महिला कुलविंदर कौर का नाम फाइनल किया गया है।
वहीं पंचकूला के लिए शनिवार को होने वाली बैठक में चर्चा की जाएगी। तीनों मेयर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा जल्द होने की उम्मीद जताई जा रही है।
वहीं अधिकतर वार्डों में पार्षदों के नामों की सूची बना ली गई है, सिर्फ उन वार्डों के प्रत्याशी बचे हैं जहां पर विरोध है। वहीं भाजपा ने भी शुक्रवार को वार्डों में जाकर रायशुमारी की।
दिल्ली में तय हुए नाम
गुरुवार को दिल्ली में हुई कांग्रेस की उच्ची स्तरीय बैठक में सोनीपत से मेयर का टिकट मांग रहे शहरी जिलाध्यक्ष कमल दिवान के नाम पर सहमति बनी। वे अपनी पत्नी मेघा दिवान या खुद में किसी एक के लिए टिकट मांग रहे थे।
कमेटी के सभी सदस्यों ने उनके नाम का समर्थन किया। इसके बाद 22 वार्डों के पार्षदों के नामों पर चर्चा शुरू हुई। कमेटी के सदस्यों ने एक-एक वार्ड में सभी आवेदकों के नामों पर विचार करना शुरू किया।
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने सभी जिताऊ व वफादार के पैमाने पर कसना शुरू किया। गुरुवार को करीब 16 वार्डों में प्रत्याशियों के नाम फाइनल कर लिए गए। बाकी के नामों पर शुक्रवार को सांसद दीपेंद्र के साथ हुई बैठक में सहमति बनाई गई। इनमें से कई वार्डों में प्रत्याशियों पर सहमति नहीं बन पाई। इन्हें होल्ड पर रखा गया है।
सूत्रों ने बताया कि अंबाला आरक्षित सीट पर मेयर के लिए कुलविंदर कौर का नाम रखा गया, जिस पर कमेेटी सदस्यों ने सहमति दे दी है। मेयर व पार्षदों की पहली सूची एक-दो दिन में जारी होने की उम्मीद है।
तीन वार्डों में बागियों व दागियों पर फंसा पेंच
सोनीपत के 22 में से तीन-चार वार्डों में पिछले चुनाव के कई भितरघाती व दागी टिकट मांग रहे हैं। एक वार्ड एक नेता अपनी पत्नी या बेटी को टिकट देने की मांग कर रहे हैं, जबकि उपचुनाव में उस पर भितरघात के आरोप लगे थे। एक अन्य वार्ड से एक ऐसे ही नेता टिकट मांग रहे हैं, जिसे टिकट देने का विरोध हो रहा है।
उपचुनाव में हार के बाद कमल दिवान ने कई नेताओं की भितरघात की रिपोर्ट हाईकमान को भेजी थी। वहीं एक वार्ड से एक ऐसे नेता टिकट मांग रहे हैं जिस दुष्कर्म का केस दर्ज है।
उस नेता के भतीजे पर दुष्कर्म का केस है। वहीं कई ऐसे वार्डों में अभी प्रत्याशी के नाम पर सहमति नहीं बनी है, जहां कांग्रेस कमजोर है। इन वार्डों में भाजपा के कई बगावती नेताओं पर पार्टी की नजर है, जिनका टिकट कट सकता है।
भाजपा में वैश्य व पंजाबी पर मारामारी
वहीं भाजपा भी प्रत्याशी तय करने के लिए पसीना बहा रही है। गुरुवार को कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद शुक्रवार को पार्टी के आठ नेताओं ने दो-दो वार्डाें मेंं जाकर रायशुमारी की।
पार्टी के नेता पार्षदों प्रत्याशियों पर रायशुमारी कर रहे हैं। इसके साथ ही हर वार्ड में मेयर प्रत्याशी के लिए रायशुमारी की जा रही है। चुनाव के सह प्रभारी जवाहर सैनी समेत अन्य नेता शुक्रवार को दिनभर वार्डों में घूमते रहे।
पार्टी के सूत्रों का कहना है कि अभी जातीय समीकरणों को भी देखा जा रहा है। पार्टी ब्राह्मण, वैश्य व पंजाबी समाज के प्रत्याशियों को परख रही है।
वैश्य समाज से मौजूदा मेयर राजीव जैन, स्कूल संचालक अरुण बंसल, पंजाबी समाज से तरुण देवीदास व योगेशपाल अरोड़ा अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं।
वहीं ब्राह्मण समाज से कई नेता अंदरखाते बैठकें कर अपने लिए लॉबीइंग कर रहे हैं। टिकट के दावेदार प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, विधायक निखिल मदान के साथ बैठकें कर रहे हैं।