लेबनान में संयुक्त राष्ट्र मिशन में सेवारत भारतीय शांति रक्षक मेजर अभिलाषा बराक को विश्व संस्था द्वारा मिलिट्री जेंडर एडवोकेट आफ द ईयर अवार्ड से सम्मानित किया गया है।
पश्चिम एशियाई देश में तैनाती के दौरान महिलाओं और लड़कियों के सशक्तिकरण के लिए उनके प्रयासों के लिए इस पुरस्कार से उन्हें नवाजा गया है।
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन ने शुक्रवार को कहा, “यह घोषणा करते हुए गर्व हो रहा है कि मेजर अभिलाषा बराक को 2025 का यूएन मिलिट्री जेंडर एडवोकेट आफ द ईयर अवार्ड से सम्मानित किया गया है।
उन्हें महिलाओं और किशोरियों के लिए उनके सामुदायिक जुड़ाव और सामुदायिक गतिविधियों तथा शांति रक्षकों के लिए लैंगिक संवेदनशीलता प्रशिक्षण के लिए सम्मानित किया जा रहा है।”
बराक लेबनान में संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बल (यूएनआइएफआइएल) में महिला सहभागिता दल (एफईटी) की कमांडर के रूप में भारतीय बटालियन में सेवारत हैं।
भारत के लिए गर्व की बात
वह भारतीय सेना की पहली महिला लड़ाकू हेलीकाप्टर पायलट भी हैं। उन्हें संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में सम्मानित किया जाएगा, जब विश्व निकाय 29 मई को प्रतिवर्ष मनाए जाने वाले संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों के अंतरराष्ट्रीय दिवस का आयोजन करेगा।