लंदन की जेल में बंद भारतीय वकील पर दुष्कर्म का आरोप, 2027 में शुरू होगा मुकदम

यौन उत्पीड़न के आरोप में लंदन की जेल में बंद भारतीय वकील विजय अग्रवाल पर दुष्कर्म का आरोप भी लगाया गया है। शुक्रवार को ब्रिटेन की एक अदालत में सुनवाई के बाद यह बात सामने आई।

क्राउन अभियोजन सेवा ने 57 वर्षीय अग्रवाल के खिलाफ नए आरोपों के साथ-साथ किसी अन्य व्यक्ति को शोषण के इरादे से यात्रा कराने या उसकी सुविधा देने का आरोप भी दर्ज किया है। लंदन की जेल में बंद उनकी सहायक 41 वर्षीय मनप्रीत कौर पर भी आरोप है।

मामले में तीसरे आरोपित हारा तिबरेवाला शुक्रवार को यहां वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट अदालत में इसी तरह के अपराध के आरोप में पेश हुए। उन्होंने आरोप से इन्कार किया।तिबरेवाला को तीन न्यायाधीशों की पीठ ने कड़ी शर्तों के साथ उन्हें जमानत दे दी।

अग्रवाल, कौर और तिबरेवाला अब मुकदमे से पहले की सुनवाई के लिए छह नवंबर को साउथवार्क क्राउन कोर्ट में पेश होंगे। पिछले महीने साउथवार्क में हुई जमानत सुनवाई के दौरान अग्रवाल को जमानत देने से न्यायाधीश जान मिलने ने इनकार कर कहा कि वह ‘जमानत की मांग स्वीकार नहीं कर सकते’, क्योंकि आशंका है कि अग्रवाल ‘मुकदमे से बचने के लिए देश छोड़ सकते हैं।’

मुकदमा 15 मार्च, 2027 को शुरू होना है। अदालत में प्रमुख गवाह के तौर पर जिन महिलाओं का जिक्र हुआ, ब्रिटेन के कानून के तहत उनकी पहचान गोपनीय रखी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *