शिकागो में भारतीय दूतावास को मिली नई पहचान, स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का हुआ अनावरण…

अमेरिका के शिकागो में भारत के महावाणिज्य दूतावास में स्वामी विवेकानंद की मानव-आकार की प्रतिमा का अनावरण अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने किया है।

वेदांत और योग की शिक्षाओं को विश्वभर में फैलाने वाले भारत के महान दार्शनिक व चिंतक स्वामी विवेकानंद ने अमेरिका में 1893 में शिकागो में आयोजित विश्व धर्म महासभा में अपने ऐतिहासिक भाषण दिया था।

क्वात्रा ने सोमवार को इंटरनेट मीडिया पोस्ट में कहा, “हमारे शिकागो कौंसुलेट में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण करके गर्व महसूस कर रहा हूं। यह हमारे प्रवासी समुदाय की ओर से एक उदार उपहार है। उनकी सेवा और सार्वभौमिक सामंजस्य का शाश्वत संदेश हम सभी में जीवित है। हमारे जीवंत समुदाय के साथ जुड़ने का अवसर मिलने के लिए आभारी हूं।”

शिकागो में भारतीय मिशन ने कहा कि प्रतिमा का अनावरण समारोह रविवार को शिकागो में भारतीय महावाणिज्य दूतावास (सीजीआइ) में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में वंदेमातरम् का एक भावनात्मक गायन और गणमान्य व्यक्तियों की टिप्पणियां शामिल थीं।

क्वात्रा और अन्य वक्ताओं ने स्वामी विवेकानंद के सेवा, सामंजस्य और सभी विश्वासों और धर्मों की एकता के संदेश पर भी विचार किया। अप्रैल में वाशिंगटन के सिएटल में एक चौराहे पर स्वामी विवेकानंद की एक प्रतिमा का अनावरण किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *