
भारतीय सेना के प्रमुख जनरल धीरज सेठ को नेपाली सेना के मानद जनरल की उपाधि प्रदान की गई है।
उन्हें यह उपाधि नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने सोमवार को एक विशेष समारोह में दी। मानद सैन्य पद प्रदान करने की यह परंपरा 1950 से चली आ रही है।
इसके तहत भारत और नेपाल एक-दूसरे के सेना प्रमुखों को मानद जनरल की उपाधि प्रदान करते हैं।
यह समारोह यहां राष्ट्रपति भवन शीतल निवास में आयोजित किया गया। जनरल सेठ अपने नेपाली समकक्ष जनरल अशोक राज सिग्देल के निमंत्रण पर चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा के लिए रविवार को नेपाल पहुंचे।
राष्ट्रपति के सचिवालय की ओर से जारी प्रेस रिलीज के अनुसार, समारोह में नेपाल के उपराष्ट्रपति राम सहाय प्रसाद यादव, विदेश मंत्री शिशिर खनाल, नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव और नेपाली सेना व सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
जनरल सेठ ने सोमवार को नेपाली सेना के मुख्यालय में जनरल सिग्देल से भी मुलाकात की। दोनों सैन्य प्रमुखों ने आपसी हित के मुद्दों और द्विपक्षीय सैन्य संबंधों को प्रगाढ़ करने के तरीकों पर चर्चा की। जनरल सेठ ने सोमवार को नेपाली सेना को कुछ सैन्य और चिकित्सा उपकरण भी सौंपे।