भारत और अमेरिका ने कोयला एवं ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है। अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में आयोजित भारत-अमेरिका गोलमेज बैठक शुक्रवार को हुई।
इसमें कोल इंडिया के अध्यक्ष बी साईराम ने भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। उनके साथ कोयला मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव संजय कुमार झा भी मौजूद थे।
बैठक में दोनों देशों के बीच स्वच्छ कोयला तकनीक, आधुनिक खनन, ऊर्जा सुरक्षा, निवेश और तकनीकी सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। इसमें अमेरिकी ऊर्जा विभाग, वाणिज्य विभाग, राष्ट्रीय खनन संस्था और भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी मंच के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।
बैठक के बाद भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने अमेरिकी सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अलग से द्विपक्षीय वार्ता भी की। इसमें भविष्य की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने, आधुनिक खनन तकनीक अपनाने और दोनों देशों के बीच सहयोग को और मजबूत बनाने पर सहमति बनी।
कोल इंडिया ने इस बैठक को भारत और अमेरिका के बीच तकनीकी सहयोग, निवेश और ज्ञान के आदान-प्रदान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
कंपनी का कहना है कि दोनों देश मिलकर नई तकनीकों को अपनाने और ऊर्जा आपूर्ति को अधिक सुरक्षित व विश्वसनीय बनाने की दिशा में काम करेंगे। इससे देश को आधुनिक और स्वच्छ कोयला तकनीक मिलने से पर्यावरण के अनुकूल खनन को बढ़ावा मिलेगा।