“भारत दूसरे देशों से ऑर्डर नहीं लेता,” रूस से तेल खरीदने की छूट पर कमल हासन ने ट्रंप को दिखाया आईना…

अमेरिका ने दावा किया कि मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के बीच यूनाइटेड स्टेट्स ने भारत को रूस से तेल खरीदने की छूट दी है। अमेरिका के इस बयान पर एक्टर-पॉलिटिशियन कमल हासन ने US को आईना दिखाया है।

राज्यसभा एमपी कमल हासन ने अमेरिका को जवाब देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘भारत दूसरे देशों से ऑर्डर नहीं लेता है।’

कमल हासन ने ट्रंप को दिया जवाब

राज्यसभा MP और मक्कल निधि मैयम के लीडर कमल हालन ने राष्ट्रपति ट्रंप को संबोधित करते हुए पोस्ट में लिखा, ‘डियर मिस्टर प्रेसिडेंट, हम भारत के लोग एक आजाद और संप्रभु देश के नागरिक हैं।’

कमल हासन ने आगे लिखा, ‘अब हम दूर के विदेशी तटों से ऑर्डर नहीं लेते हैं। कृपया जितनी आप में क्षमता हो उतना अपने काम से काम रखें।’

कमल हासन ने अमेरिका में शांति की प्रार्थना करते हुए आगे लिखा, ‘संप्रभु देशों के बीच आपसी सम्मान ही लंबे समय तक चलने वाली ग्लोबल शांति की एकमात्र बुनियाद है। हम आपके देश और उसके लोगों के लिए शांति और खुशहाली की कामना करते हैं।’

अमेरिकी मंत्री ने किया था दावा

US ट्रेजरी सेक्रेटरी और ट्रंप के सहयोगी स्कॉट बेसेंट ने दावा किया था कि अमेरिका ने भारत को रूसी तेल खरीदने की छूट दी है।

फॉक्स बिजनेस को दिए इंटरव्यू में स्कॉट बेसेंट ने कहा, ‘भारतीय बहुत अच्छे एक्टर रहे हैं। हमने उनसे रूस से बैन किया तेल खरीदना बंद करने के लिए कहा था और उन्होंने ऐसा किया। वे इसकी जगह US तेल लेने वाले थे।’

स्कॉट बेसेंट ने आगे कहा था, ‘दुनियाभर में तेल की अस्थायी कमी को कम करने के लिए, हमने उन्हें रूस का तेल लेने की छूट दे दी है। हम दूसरे रूसी तेल पर से भी बैन हटा सकते हैं।’

ट्रंप ने भी मंत्री की बात पर दिया रिएक्शन

डोनल्ड ट्रंप से जब अमेरिकी मीडिया ने स्कॉट बेसेंट की बात पर सवाल किया, तब ट्रंप ने कहा, ‘अगर कुछ होता, तो मैं बस थोड़ा प्रेशर कम करने के लिए ऐसा करता।’ ट्रंप ने यह बात US एयर फोर्स वन में कही।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा, ‘मुझे लगता है कि ऑयल प्रेशर, यहां बहुत सारा ऑयल है। हमारे पास बहुत सारा ऑयल है। हमारे देश में बहुत ज्यादा मात्रा में ऑयल है। यह सब बहुत जल्दी ठीक हो जाएगा।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *