वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) के अध्यक्ष बोर्गे ब्रेंडे ने दावोस में कहा कि इस साल भारत बड़ी इकोनॉमी में सबसे तेजी से बढ़ने वाला देश बन जाएगा और यह ग्लोबल ग्रोथ में 20 परसेंट का योगदान देगा।
ब्रेंडे ने कहा कि अगर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस ग्रोथ के साथ-साथ एक ट्रेड एग्रीमेंट पर भी साइन कर सकें तो यह और भी बेहतर होगा।
‘सिर्फ अपने लिए ग्रो नहीं कर रहा भारत’
WEF चीफ ने कहा, “मुझे अब भी लगता है कि इस साल यह (भारत) बड़ी इकोनॉमी में सबसे तेजी से बढ़ने वाली इकोनॉमी होगी।
और अब हमारे पास ऐसे नंबर्स हैं जो दिखाते हैं कि भारत शायद दुनिया भर की कुल ग्रोथ का 20 परसेंट पूरा कर सकता है। तो फिर भारत सिर्फ अपने लिए ही ग्रो नहीं कर रहा है, बल्कि वह ग्रोथ हमारे ग्रह पर सभी के लिए भी योगदान दे रही है क्योंकि वह ग्रोथ बहुत ज्यादा है।”
उन्होंने आगे कहा, “मुझे पूरी उम्मीद है कि इसके अलावा हम प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच एक ट्रेड एग्रीमेंट कर पाएंगे। यह मददगार होगा।”
उन्होंने कहा कि इस अनुमान के पीछे वजह भारत में आर्थिक सुधारों में तेजी के रूप में उपलब्ध सबूत हैं, जो ग्रोथ के लिए जरूरी है।
‘मोदी सरकार ने किए ठोस सुधार’
ब्रेनडे ने कहा, “मोदी सरकार ने कुछ ठोस सुधार किए, जिनकी मुझे उम्मीद थी, लेकिन इतनी जल्दी और इतने जोरदार तरीके की उम्मीद नहीं थी। इसीलिए मैं भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर ज्यादा पॉजिटिव हूं।”