वाणिज्य व उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को बताया कि भारत जल्द ही एक और विकसित देश कनाडा के साथ मुक्त व्यापार समझौता (FTA) करने जा रहा है।
दोनों देशों ने अगले पांच साल में द्विपक्षीय व्यापार को 50 अरब डॉलर तक ले जाने का लक्ष्य रखा है। अभी दोनों देशों के बीच 8.4 अरब डॉलर का व्यापार होता है।
भारत-कनाडा के बीच होगी फ्री-ट्रेड डील
गोयल ने बताया कि एफटीए पर जारी वार्ता को आगे बढ़ाने के सिलसिले में ही वह 25-27 मई तक कनाडा के दौरे पर रहेंगे, जहां उनकी मुलाकात कनाडा के प्रधानमंत्री से भी होगी। उनके साथ करीब 150 भारतीय उद्यमियों का दल भी कनाडा जा रहा है जो कनाडा की कंपनियों के साथ निवेश को लेकर बातचीत करेंगे।
अभी 600 से अधिक कनाडा की कंपनियां भारत में काम करती हैं और इस संख्या को 1000 तक ले जाना है। कनाडा के साथ एफटीए को लेकर दो चरण की वार्ता हो चुकी है।
कनाडा 2.4 लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था है, जहां प्रति व्यक्ति सालाना आय 60,000 डॉलर से अधिक है। इसलिए भारत को अपने व्यापार को यहां बढ़ाने का बड़ा मौका मिलेगा। कनाडा में चार लाख से अधिक भारतीय छात्र रहते हैं।
दूसरी तरफ कनाडा गैस, तेल, क्रिटिकल मिनरल्स व यूरेनियम का बड़ा उत्पादक देश हैं और यहां से भारत को इन आइटम की खरीदारी में मदद मिलेगी। परमाणु ऊर्जा मिशन को आगे बढ़ाने के लिए कनाडा से यूरेनियम की खरीदारी की जाएगी।
गोयल ने बताया कि कनाडा भारत के साथ व्यापारिक समझौते के लिए काफी इच्छुक है और इससे हमें अपने टेक्सटाइल, जेम्स व ज्वैलरी, लेदर आइटम, इंजीनियरिंग गुड्स, फार्मा जैसे रोजगारपरक सेक्टर के निर्यात को बढ़ाने में मदद मिलेगी।