सारण में बिल्ली मारने और शहद निकालने के बहाने घरों की रेकी, रात में चोरी का खतरा…

दीपावली और छठ की रौनक के बीच घरों की सुरक्षा को लेकर भी सतर्क रहने की जरूरत है। दिन में गांव-मोहल्लों में घूमने वाले कुछ अनजान चेहरे रात में चोरी की वारदात को अंजाम दे सकते हैं।

बिल्ली मारने, शहद निकालने और दूसरे बहाने बनाकर घूमने वाले संदिग्ध व्यक्ति घरों की रेकी कर सकते हैं। इसे देखते हुए सारण के एसएसपी रौशन कुमार ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि थोड़ी सी लापरवाही त्योहार की खुशियों पर भारी पड़ सकती है।

बहाने से घूमने वालों पर रखें नजर:

सारण पुलिस की ओर से जारी अपील में कहा गया है कि त्योहारों के दौरान कुछ संदिग्ध व्यक्ति दिन में गांव और मोहल्लों में घूमकर बंद घरों, दरवाजों तथा आसपास के इलाकों की निगरानी कर सकते हैं।

ऐसे लोग घरों की स्थिति और परिवार के सदस्यों की गतिविधियों की जानकारी जुटाते हैं। इसके बाद रात के अंधेरे में चोरी की घटना को अंजाम देने की आशंका रहती है।

संदेह होने पर थाने को दें सूचना:

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि गांव-मोहल्ले में घूमने वाले अनजान व्यक्तियों और समूहों की गतिविधियों पर नजर रखें। किसी व्यक्ति द्वारा बार-बार घरों और आसपास के इलाकों की निगरानी किए जाने पर विशेष सावधानी बरतें।

कोई संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तत्काल स्थानीय थाना पुलिस को सूचना दें। सुरक्षित दूरी से संभव हो तो संदिग्ध व्यक्ति का फोटो या वीडियो बनाकर पुलिस को उपलब्ध कराएं।

खुद कार्रवाई करने से बचें:

पुलिस ने लोगों को चेताया है कि किसी संदिग्ध व्यक्ति को खुद पकड़ने या उससे भिड़ने का प्रयास नहीं करें। इससे अनावश्यक खतरा पैदा हो सकता है। गांव और मोहल्ले के लोग आपसी समन्वय बनाए रखें। रात में घरों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *