पुणे में हैवानियत की हदें पार: 4 साल की बच्ची के साथ 65 साल के बुजुर्ग ने किया रेप, फिर कर दी हत्या…

महाराष्ट्र के पुणे जिले के एक गांव में कथित तौर पर एक बुज़ुर्ग ने चार साल की एक बच्ची का यौन शोषण किया और उसकी हत्या कर दी।

न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, पुलिस ने शुक्रवार को भोर तहसील में हुई इस घटना के सिलसिले में 65 साल के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने क्या बताया?

पुलिस ने बताया, “आरोपी ने कथित तौर पर बच्ची को खाना देने का लालच देकर अपने साथ ले गया। वह उसे मवेशियों के बाड़े में बने एक छप्पर में ले गया, जहां उसने बच्ची का यौन शोषण किया और उसकी हत्या कर दी।”

सीसीटीवी में बच्ची के साथ कैद हुआ आरोपी

जब बच्ची लापता हो गई तो उसके रिश्तेदारों ने उसे ढूंढ़ना शुरू किया। एक अधिकारी ने बताया कि ढूंढ़ने के दौरान एक निजी घर के सीसीटीवी फुटेज में आरोपी बच्ची के साथ दिखाई दिया।

गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्का जाम

घटना के बाद सैकड़ों गांव वाले पुलिस चौकी पर जमा हो गए और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। बाद में भीड़ ने मुंबई-बेंगलुरु हाईवे पर चक्का जाम कर दिया, जिससे भारी ट्रैफिक जाम लग गया।

पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने भीड़ को शांत किया और लोगों को भरोसा दिलाया कि इस मामले में 15 दिनों के भीतर चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *