मध्य प्रदेश के सीधी जिले में पुत्र ने घरेलू विवाद से परेशान होकर पांच हजार रुपये की सुपारी देकर पिता की हत्या करा दी।
पुलिस ने हत्या में शामिल पुत्र समेत 10 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपितों की उम्र 18 से 23 वर्ष के बीच है।
थाना प्रभारी विशाल शर्मा ने बताया कि 56 वर्षीय राजभान अगरिया 16 मई से लापता था। 19 मई को पास के जंगल स्थित सूखे कुएं से जला हुआ शव मिला।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट, फ्रैक्चर व जलाने के साक्ष्य पाए गए, जिससे हत्या की पुष्टि हुई। जांच में पता चला कि मृतक का पुत्र अपने पिता के व्यवहार व आए दिन होने वाले विवादों से परेशान था।
इसी के चलते उसने अपने परिचित को पिता की हत्या करने के लिए पांच हजार रुपये की सुपारी दी और आनलाइन ट्रांजेक्शन भी कर दिया।
16 मई को आरोपितों ने मृतक को घर से बाहर बुलाकर मारपीट कर हत्या कर दी। शव को कंबल में लपेटकर सूखे कुएं में फेंक दिया। पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को झाड़ियों से ढंक दिया।