उप्र शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज की ओर से दो दिवसीय प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) भर्ती परीक्षा के पहले दिन बुधवार को शहर के 24 केंद्रों पर शुरू हो गई है। पहली पाली में सुबह 9:30 बजे से सुबह 11:30 बजे तक की अवधि में 10,607 अभ्यर्थियों के शामिल हो रहे हैं।
केंद्रों पर महिला अभ्यर्थियों को कानों की बालियां और पैरों की पायल, पुरुष अभ्यर्थियों को जूते मोजे और स्मार्ट वाच उतरवाकर प्रवेश दिया गया।
शहर के 24 केंद्रों पर पहली पाली में हुई टीजीटी भर्ती परीक्षा
त्रिस्तरीय जांच पहरे से होकर अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में जाने दिया गया। आयोग की ओर से जारी निर्देशों के तहत पहली पाली के लिए सुबह 8.45 बजे तथा दूसरी पाली के लिए प्रवेश बंद कर दिए गए। दूसरी पाली में दोपहर 1.45 बजे प्रवेश द्वार बंद कर दिए जायेंगे। परीक्षा के दौरान अंतिम आधे घंटे में परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष से बाहर जाने की अनुमति न दिए जाने के निर्देश दिए गए।
परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले कान की बाली उतारती अभ्यर्थी दिव्या।
उप्र शिक्षा सेवा चयन आयोग के निर्देश पर जिला प्रशासन करा रहा है परीक्षा
परीक्षार्थियों से पहले परीक्षा ड्यूटी में लगे कर्मचारियाें को भी केंद्र में जांच प्रक्रिया से होकर गुजरना पड़ा। अभ्यर्थी तीन फोटो एवं एक पहचान पत्र की मूल प्रति तथा एक छाया प्रति लेकर परीक्षा केंद्र पर उपस्थित हुए। केंद्रों के बाहर पुलिस कर्मियों का पहरा बना हुआ है। बता दें, दूसरी पाली में दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक की अवधि में 11,047 अभ्यर्थी शामिल होंगे।