जैसलमेर में बाइक पर रखे AC गैस सिलेंडर में जोरदार विस्फोट, युवक कई फीट दूर जा गिरा; हालत गंभीर…

जैसलमेर के जयनारायण व्यास कॉलोनी में शुक्रवार सुबह भीषण हादसा हो गया।

यहां करीब 10:30 बजे एक बाइक पर रखे एयर कंडीशनर गैस भरे सिलेंडर में अचानक ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में बाइक पर सवार युवक जोरदार धमाके के साथ हवा में उछलकर सड़क पर गिर पड़ा।

बाइक पर रखे एसी गैस सिलेंडर में विस्फोट

हादसे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि सिलेंडर कई हिस्सों में टूट गया और आसपास की इमारतों तक आवाज गूंज गई। यह पूरी घटना होटल किशनगढ़ के सामने हुई।

जहां गफूर भट्टा निवासी चंद्रप्रकाश (25) पुत्र नखताराम माली अपने साथी सवाई राम के साथ काम पर निकला था।

दोनों जोधपुर से रिफिल कराए गए आर-32 गैस सिलेंडर लेकर बस से जैसलमेर पहुंचे थे। बस से सिलेंडर लेने के बाद वे होटल के पास सामान उठाने के लिए रुके।

सवाई राम बाइक से उतरकर अंदर गया ही था कि बाइक के पिछले हिस्से पर रखे कार्टन में बंद सिलेंडर फट गया। चंद्रप्रकाश बाइक पर मौजूद था, धमाके के झटके से बेहोश होकर सड़क पर जा गिरा।

पुलिस कर रही विस्फोट के कारणों की जांच

मौके पर मौजूद लोगो के अनुसार ब्लास्ट की आवाज सुनकर लोग बाहर निकले। होटल मालिक पुरुषोत्तम ने तुरंत घायल युवक को अपनी गाड़ी से जवाहिर अस्पताल पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार के बाद चंद्रप्रकाश को बेहतर इलाज के लिए जोधपुर रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने बताया कि उसके कमर में चोट आई है और अंदरूनी चोटें गंभीर हैं।

हादसे में होटल के छज्जे का एक हिस्सा भी टूटकर गिर गया। कोतवाली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

एएसआई श्रवण कुमार ने बताया कि सिलेंडर में विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा रहा है। जोधपुर में रिफिलिंग के दौरान कोई लापरवाही तो नहीं बरती गई, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस दोनों साथियों से पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *