राजधानी के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में निर्दलीय पार्षद नोहर दास रात्रे उर्फ गोलू रात्रे ने अन्य साथियों के साथ मिलकर युवक की हत्या कर दी। पुलिस ने पार्षद समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है।
आरोप है कि शराब पीने के दौरान विवाद और गाली-गलौज के बाद युवक की हत्या कर शव को महानदी किनारे रेत में दफना दिया गया।
मृतक की पहचान नकटी गांव निवासी भुवनेश्वर यादव के रूप में हुई है। वह मोनेट कंपनी में आपरेटर था और 22 मई से लापता चल रहा था। स्वजनों ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना वाले दिन मंदिर हसौद स्थित शराब भट्ठी के पीछे भुवनेश्वर यादव और गोलू रात्रे सहित अन्य लोगों के साथ बैठकर शराब पी रहा था।
इसी दौरान नशे की हालत में भुवनेश्वर और पार्षद गोलू रात्रे के बीच कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई।
विवाद बढ़ने के बाद पार्षद गोलू रात्रे अपने साथियों के साथ भुवनेश्वर यादव को कार में बैठाकर वहां से ले गया।
इसके बाद युवक को महासमुंद जिले के महानदी किनारे ले जाया गया, जहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। मारपीट के दौरान उसकी मौत हो गई। आरोपितों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए रेत में दफना दिया।
घटना से पहले घर में की थी बात
जांच में यह भी सामने आया है कि घटना की शाम भुवनेश्वर यादव ने अपनी पत्नी से फोन पर बात की थी। उस दौरान उसने पार्षद से भी पत्नी की बात करवाई थी।
इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और वह अचानक लापता हो गया। बाद में पुलिस को मृतक का मोबाइल और अन्य सामान बरामद हुआ, जिससे जांच की दिशा बदल गई।
मामले में पुलिस ने निर्दलीय पार्षद गोलू रात्रे समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस सभी से अलग-अलग पूछताछ कर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का राजफाश किया जाएगा।