बिहार में BJP की 125 सीटों पर मंथन, हर सीट के लिए तीन नाम सुझाए जाएंगे; अंतिम फैसला दिल्ली से होगा…

बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का आज इलेक्शन कमिशन की ओर से ऐलान किया जा सकता है। इस बीच राजनीतिक दल सीट और टिकट बंटवारे के लिए मंथन करने में जुटे हैं।

भाजपा की दो दिनों की मीटिंग चली है, जो रविवार को समाप्त हुई है। भाजपा सूत्रों का कहना है कि इस मीटिंग में 125 सीटों पर चर्चा हुई है।

हालांकि भाजपा के 100 से 105 सीट तक ही लड़ने की संभावना है, लेकिन 125 पर मंथन इसलिए हुआ ताकि सीटों के फेरबदल की स्थिति में भी बैकअप प्लान तैयार रहे।

बताया जा रहा है कि औसतन एक सीट पर तीन उम्मीदवारों के नाम पर फैसला लिया जाएगा।

प्रदेश समिति की ओर से बनी सूची को पार्टी के केंद्रीय संसदीय बोर्ड के पास भेजा जाएगा। इस पर अंतिम फैसला संसदीय बोर्ड ही लेगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल की अध्यक्षता में रविवार को हुई बैठक में बिहार के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान समेत प्रदेश चुनाव समिति के सभी सदस्य मौजूद थे।

सबसे पहले भाजपा की उन सीटों पर चर्चा हुई, जहां उसके वर्तमान विधायक हैं। इसी क्रम में भाजपा विधायक की क्षेत्र में क्या छवि पांच सालों में रही, इस पर जिलों की कोर कमेटी की क्या राय है, इस पर भी चर्चा हुई।

मालूम हो कि वर्तमान में भाजपा के 80 विधायक हैं। पिछली बार 2020 में भाजपा 110 सीटों पर लड़ी थी।

बैठक के बाद डॉ. जायसवाल ने बताया कि बैठक में सभी लोगों ने अपना सुझाव दिया है। हमारे जितने विधायक हैं, उतनी सीटों पर हमलोगों ने चर्चा पूरी करी ली है।

समिति के सभी सदस्यों का एक ही मत था कि किसी भी परिस्थिति में हमारा उम्मीदवार इतना मजबूत हो कि हम एक-एक सीट भारी मतों से जीतें। इसी बीच गठबंधन दलों के साथ सीट बंटवारे पर भी अंतिम निर्णय ले लिया जाएगा।

मौजूदा सीटों के बाद बची हुई सीटों में जो भी भाजपा के कोटे में आएगी, उस पर एक तिथि तय करके एक बार फिर जल्द ही चर्चा की जाएगी।

बैठक में बिहार चुनाव प्रभारी धर्मेन्द्र प्रधान के अलावा सह प्रभारी सीआर पाटिल, बिहार प्रभारी विनोद तांवड़े, सह प्रभारी दीपक प्रकाश, विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, सांसद राधामोहन सिंह, रविशंकर प्रसाद, डॉ. संजय जायसवाल, मंत्री प्रेम कुमार, मंगल पांडेय, रेणु देवी, जनक राम, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ त्रिपाठी, संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसानिया, सांसद धर्मशीला गुप्ता, प्रदेश प्रवक्ता प्रेमरंजन पटेल मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *