बंगाल के उत्तर 24 परगना के गोबरडांगा हिंदू कॉलेज में एक अतिथि शिक्षक के खिलाफ छात्राओं ने गंभीर आरोप लगाते हुए शुक्रवार को प्रदर्शन किया। छात्राओं का आरोप है कि शिक्षक लंबे समय से उनके साथ अनुचित व्यवहार कर रहे थे।
विरोध के दौरान कुछ छात्राएं शिक्षक के सिर पर जूता रखकर उनकी झाड़ू से पिटाई करते हुए सड़क पर दौड़ाते हुए ले गईं। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शिक्षक को प्रदर्शनकारियों से बचाया और हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने मामले में लिखित शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है। आरोपित शिक्षक को हिरासत में लिया गया है। यह भी जानकारी मिली है कि उन्होंने अपने खिलाफ लगे आरोपों को स्वीकार करते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है।
कॉलेज के प्राचार्य कृष्णकांत मंडल ने कहा कि कालेज प्रशासन को इस संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है। आरोपित शिक्षक कालेज में भूगोल पढ़ाते हैं। हाल में एक छात्रा ने उनके खिलाफ शिकायत की थी।
इसके बाद शुक्रवार को कई छात्राओं ने एकजुट होकर विरोध किया। उनका आरोप है कि शिक्षक कक्षा के दौरान और ट्यूशन के बहाने घर बुलाकर भी उनके साथ अनुचित व्यवहार करते थे।
छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि शिक्षक उनके कुप्रस्ताव मानने पर परीक्षा में अतिरिक्त अंक देने का भरोसा देते थे और नहीं मानने पर फेल करने की धमकी देते थे। कुछ छात्राओं ने परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का भी आरोप लगाया है।