जदयू विधायक दल की बैठक सोमवार को सुबह 11 बजे से एक अणे मार्ग में होगी। नीतीश कुमार की मौजूदगी में होने वाली इस बैठक का मुख्य एजेंडा जदयू विधायक दल का नेता तय करना है। इस दौरान विधानमंडल दल के नेता का नाम भी तय होना है।
जदयू विधायक दल और विधानमंडल दल के नेता का नाम तय करने को ले विधायकों द्वारा जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष को अधिकृत किया जा सकता है। इस बात की भी चर्चा है कि किसी अतिपिछड़ा वर्ग के विधायक को जदयू विधायक दल का नेता बनाया जा सकता है।
विधान परिषद के लिए होने वाले चुनाव के बाद जदयू विधानमंडल दल का नेता तय होने की उम्मीद है। नयी सरकार के गठन के बाद पहली बार जदयू विधायक दल की बैठक हो रही।
बैठक मे नीतीश कुमार की मौजूदगी महत्वपूर्ण है। इस विषय पर भी विमर्श होगा कि आने वाले समय में जदयू किस तरह के एजेंडा के साथ आगे बढ़ेगा।