भाजपा की बंगाल इकाई की संगठनात्मक बैठक में राज्य अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने पार्टी अनुशासन और संगठनात्मक मजबूती को लेकर कड़ा संदेश दिया।
उन्होंने पार्टी कार्यक्रमों के बैनर में नेताओं की तस्वीरों के क्रम में बदलाव का निर्देश देते हुए नई व्यवस्था लागू करने की बात कही।
उन्होंने निर्देश दिया कि अब राज्य स्तर के कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की तस्वीर पहले और राज्य अध्यक्ष की तस्वीर बाद में रखी जाएगी। इसे प्रशासनिक प्रमुख के सम्मान से जोडक़र देखा जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि संगठन में अनुशासन, व्यवस्था और प्रशासनिक पवित्रता सर्वोपरि है।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि भ्रष्टाचार, अत्याचार या किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता में शामिल पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे मामलों में यदि विधायकों की संख्या कम भी होती है तो उसकी परवाह नहीं की जाएगी।
बैठक में केंद्र की ओर से पश्चिम बंगाल के संगठनात्मक पर्यवेक्षक सुनील बंसल और सह-पर्यवेक्षक अमित मालवीय मौजूद रहे। सुनील बंसल ने संगठनात्मक कमियों को जल्द दूर करने पर जोर देते हुए निर्देश दिया कि 25 तारीख तक सभी जिलों में कोर कमेटी का गठन अनिवार्य रूप से पूरा किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि हर जिले में लगभग सौ सक्रिय और सक्षम कार्यकर्ताओं की सूची तैयार की जाए, ताकि आगामी चुनावों में संगठन को मजबूत आधार मिल सके।
साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिला स्तर पर निर्णय अब कोर कमेटी के माध्यम से सामूहिक रूप से लिए जाएं, किसी एक पदाधिकारी के स्तर पर नहीं।
दिनभर चली बैठक के बाद रात में भी विधाननगर स्थित भाजपा कार्यालय में एक अहम बैठक हुई, जिसमें सुवेंदु अधिकारी, शमिक भट्टाचार्य, सुनील बंसल और अमित मालवीय सहित कोर कमेटी के कई सदस्य शामिल हुए। हालांकि इस बैठक की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई।