इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी बॉम्बे (IIT Bomaby) में B.Tech के दूसरे साल के एक छात्र ने आत्महत्या कर ली है। IIT पवई कैंपस में छह महीने में आत्महत्या का यह तीसरा मामला है।
जानकारी में सामने आया है कि इस छात्र को परीक्षा के दौरान ChatGPT का इस्तेमाल करते पकड़ा गया था। उसी शाम वो छात्र हॉस्टल के कमरे में मृत पाया गया।
छात्र की आत्महत्या की घटना के बाद कैंपस में छात्र विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और संस्थान प्रशासन से जवाबदेही की मांग की जा रही है।
IIT बॉम्बे ने छात्र की आत्महत्या के मामले में एक बयान जारी करते हुए कहा कि वह एक छात्र की मौत से बहुत दुखी है। IIT बॉम्बे की तरफ से कहा गया, ‘संस्थान छात्र के दोस्तों, क्लासमेट्स, फैकल्टी सदस्यों और इस दुखद घटना से प्रभावित अन्य लोगों को सहायता दे रहा है। संबंधित अधिकारी मौत के कारणों की जांच कर रहे हैं।’
छात्रों और प्रशासन के बीच बातचीत के दौरान स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कैंपस में भारी सुरक्षा बल तैनात किया है।
हॉस्टल के कमरे में किया सुसाइड
संस्थान ने बताया कि एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के इस छात्र ने परीक्षा के दौरान प्रश्न पत्र को ChatGPT पर अपलोड किया था, जिससे उसे जवाब मिल सकें।
अधिकारियों ने बताया कि छात्र के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की गई थी। इंस्ट्रक्टर और विभागाध्यक्ष ने छात्र से इस मामले पर बात भी की थी। उन्होंने उसे समझाया और भरोसा दिलाया कि इस घटना का उसके एकेडमिक करियर पर कोई बुरा असर नहीं पड़ेगा।