अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी पर मंगलवार को पलटवार किया। ट्रंप ने इतालवी समाचार पत्र को बताया कि वह मेलोनी के रवैये से हैरान हैं।
मेलोनी ट्रंप की मुखर समर्थक रही हैं, लेकिन उन्होंने ईरान युद्ध संबंधी ट्रंप के फैसले की आलोचना की थी। मेलोनी ने ट्रंप द्वारा पोप लियो की आलोचना किए जाने को भी अस्वीकार्य बताया था।
ट्रंप से अलग मेलोनी की सोच
ट्रंप ने कोरिएरे डेला सेरा के साथ साक्षात्कार में कहा कि मेलोनी का सोच मेरे सोच से बहुत अलग था। ट्रंप ने ईरान द्वारा अवरुद्ध होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने में मदद करने से इनकार करने के लिए भी मेलोनी की निंदा की।
ऑनलाइन पोस्ट किए गए इतालवी लेख में उनके हवाले से कहा गया, ‘मैं मेलोनी से स्तब्ध हूं। मुझे लगा था कि उसमें साहस है, लेकिन मैं गलत था।’
व्हाइट हाउस ने इन बयानों पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। मेलोनी के कार्यालय ने भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
पोप लियो पर मेलोनी की टिप्पणियों की निंदा के बारे में पूछे जाने पर, ट्रंप ने इसे अस्वीकार्य बताया और कहा, ‘मेलोनी को इस बात की परवाह नहीं है कि ईरान के पास परमाणु हथियार है और अगर उसे मौका मिले तो वह दो मिनट में इटली को उड़ा देगा।’
ट्रंप ने कहा, ‘वे (इटली) दुनिया में सबसे अधिक ऊर्जा लागत का भुगतान करते हैं और होर्मुज जलडमरूमध्य के लिए लड़ने को भी तैयार नहीं हैं। वे होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखने के लिए डोनल्ड ट्रंप पर निर्भर हैं।’
इटली और अमेरिका के बीच बढ़ रहीं दूरियां
ट्रंप ने जिस तरह से मेलोनी पर पलटवार किया है उससे प्रतीत होता है कि दोनों के बीच दूरियां बढ़ रही हैं। पिछले महीने ही उन्होंने कोरिएरे डेला सेरा को बताया था कि मेलोनी महान नेता हैं, लेकिन मंगलवार को उन्होंने उन पर ऊर्जा सुरक्षा और ईरान को लेकर अमेरिकी प्रयासों का समर्थन करने में विफल रहने का आरोप लगाया।