‘मुझे विजय से जलन होती है’, तमिलनाडु में TVK की जीत पर पवन कल्याण का बयान चर्चा में…

आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम पवन कल्याण ने विजय को लेकर एक बड़ा बयान दे दिया। पवन कल्याण ने कहा कि उन्हें सीएम विजय को देखकर जलन होती है। पवन कल्याण ने कहा कि उन्हें इतनी जल्दी सफलता मिल गई, जबकि मैं तो 15 साल तक सड़क पर घूमता रहा।

दरअसल पवन कल्याण सोमवार को एक सार्वजनिक कार्यक्रम में मौजूद थे। इस दौरान उन्होंने अपने 15 साल की राजनीतिक यात्रा का जिक्र करते हुए मजाकिया लहजे में कहा, ‘मैं आजकल तमिलनाडु की राजनीति को देखता हूं। उन्होंने यह सब कितनी बेफिक्री से किया है। मुझे जलन हुई। उन्होंने कटआउट और होलोग्राम का इस्तेमाल करके खुशी-खुशी जीत हासिल कर ली।’

पवन कल्याण बोले- मैं 15 साल सड़क पर घूमा

पवन कल्याण ने आगे कहा, ‘मैं तो पंद्रह साल से सड़कों पर ही घूम रहा हूं। एक राजनीतिक पार्टी चलाना मतलब लाखों लोगों को एक साथ लाना होता है। हम तो अपने ही परिवार के सदस्यों को एक बात पर राजी नहीं कर पाते।’

दरअसल विजय और पवन कल्याण दोनों ही अभिनय की दुनिया से राजनीति में आए थे। विजय ने 2024 में अपनी पार्टी टीवीके बनाई थी और 2026 में ही उन्होंने 108 सीटें जीत कर DMK और AIADMK के दशकों पुराना दबदबे को खत्म कर दिया।

2014 में बनाई थी पार्टी

वहीं पवन कल्याण ने 2014 में अपनी जनसेना पार्टी की स्थापना की थी। लेकिन 2019 में आंध्र प्रदेश में जब उनकी पार्टी ने चुनाव लड़ा, तो सिर्फ एक सीट पर जीत मिली। पवन कल्याण खुद दोनों सीटों से चुनाव हार गए।

हालांकि उन्होंने बाद में अपने संगठन को और मजबूत किया और भाजपा व तेलुगु देशम पार्टी के साथ गठबंधन कर 2024 के चुनाव में सभी 21 सीटों पर जीत हासिल की। इस चुनाव में पवन कल्याण ने पिठापुरम सीट से 70 हजार से ज्यादा वोट से जीत दर्ज की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *