NEET में तीसरी बार असफल होने से आहत छत्तीसगढ़ की छात्रा ने दी जान, परीक्षा के बढ़ते दबाव पर फिर उठे सवाल…

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में तीसरी बार असफल होने से आहत छात्रा ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना बोधघाट थाना क्षेत्र की है।

पुलिस के अनुसार, छत्तीसगढ़ के जगदलपुर जिले की निवासी सुरला द्वारिका राव नायडू पिछले कुछ सालों से मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थी। उसने लगातार तीन बार नीट की परीक्षा दी, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। गुरुवार रात उसने अपने कमरे में फांसी लगा ली।

शुक्रवार तड़के स्वजन उसे अचेत अवस्था में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

डीएसपी सुमित कुमार धोत्रे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में छात्रा के परीक्षा परिणाम को लेकर मानसिक तनाव में होने की जानकारी मिली है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया है।

मनोचिकित्सक डॉ. वत्सला कहती हैं कि प्रतियोगी परीक्षाओं में असफलता को कई विद्यार्थी अपनी पूरी पहचान और भविष्य से जोड़ लेते हैं, जबकि यह केवल एक परीक्षा का परिणाम होता है। ऐसे समय में परिवार को बच्चों के व्यवहार में आए बदलावों पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *