हुमायूं का शक्ति प्रदर्शन: 10 लाख समर्थकों के साथ रेजीनगर में हुंकार भरेंगे निलंबित TMC विधायक, बाबरी मस्जिद पर दिया ये बयान…

बंगाल के मुस्लिम बहुल मुर्शिदाबाद जिले में 11 फरवरी को कुरान पाठ के साथ बाबरी मस्जिद का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।

बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के निलंबित विधायक और नवगठित जनता उन्नयन पार्टी (जेयूपी) के अध्यक्ष हुमायूं कबीर ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की।

मुर्शिदाबाद के भरतपुर से विधायक कबीर ने पिछले साल छह दिसंबर को बेलडांगा में बाबरी मस्जिद की नींव रखी थी, जिसमें पूरे राज्यभर से मुस्लिम समुदाय के हजारों लोगों की भीड़ जुटी थी।

कबीर ने शाम को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि 11 फरवरी को दोपहर 12 बजे से मस्जिद का निर्माण कार्य शुरू होने से पहले वहां पांच हजार लोगों को लेकर डेढ़ घंटे तक कुरान पाठ किया जाएगा।

पाठ के बाद दोपहर 12 बजे से निर्माण कार्य शुरू होगा। उससे पहले आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कबीर शनिवार को मुर्शिदाबाद के रेजीनगर में मेगा रैली करने जा रहे हैं। उन्होंने खुद इसकी जानकारी दी।

कहा कि रेजीनगर में होने जा रहे मेगा समावेश में 10 लाख लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। मेगा समावेश के लिए भाजपा व तृणमूल विरोधी कई छोटे-छोटे दलों को आमंत्रित किया गया है।

एसडीपीआइ को भी इसमें आमंत्रित किया गया है। बता दें कि एसडीपीआइ प्रतिबंधित पापुलर फ्रंट आफ इंडिया (पीएफआइ) का संगठन है। महा रैली से एक दिन पहले तृणमूल के खिलाफ हुंकार भरते हुए कहा कि मार्च में कोलकाता के ऐतिहासकि ब्रिगेड परेड मैदान से वह ममता सरकार का मृत्यु घंटा बजाएंगे।

मालूम हो कि पिछले दिनों हिंदू सनातन समाज ने कोलकाता के ब्रिगेड मैदान में पांच लाख लोगों की भीड़ जुटाकर सामूहिक गीता पाठ का आयोजन किया था। इसके जवाब में अब कबीर ने कुरान पाठ की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *