PoK में भारी बवाल: प्रदर्शनकारियों का फूटा गुस्सा, बोले- हम आज़ाद नहीं, पाकिस्तान के गुलाम हैं…

गुलाम कश्मीर (PoK) में पिछले 40 से अधिक दिनों से चल रहा विरोध प्रदर्शन अब हिंसक रूप ले चुका है। इस बीच, आंदोलन के एक बड़े नेता सरदार अमान खान ने एक रैली में खुलेआम पाकिस्तान के दावों की हवा निकाल दी है।

रावलकोट के ईदगाह मैदान में उमड़ी हजारों की भीड़ के सामने उन्होंने साफ कहा कि यह इलाका कोई विवादित या आजाद जगह नहीं है, बल्कि पाकिस्तान के कब्जे वाली एक गुलाम जमीन है।

‘यह विवादित नहीं, कब्जाई हुई जमीन है’

हजारों लोगों की भीड़ को संबोधित करते हुए सरदार अमान खान ने कहा कि यह कोई विवादित इलाका नहीं है… यह एक कब्जा किया हुआ इलाका है। पाकिस्तान ने इस पर जबरन कब्जा कर रखा है। उनकी इस बात पर रैली में मौजूद लोगों ने जमकर तालियां बजाईं और पाकिस्तान विरोधी नारे लगाए।

40 दिनों से बंद हैं रास्ते, भुखमरी की नौबत

बता दें कि रावलकोट में यह आंदोलन पिछले 40 से ज्यादा दिनों से चल रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पाकिस्तानी प्रशासन ने उनका जीना मुहाल कर दिया है। नेता अमान खान ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान सरकार ने पिछले तीन हफ्तों से इलाके में खाने-पीने की चीजों और दवाइयों की सप्लाई रोक दी है, जिससे यहां मानवीय संकट खड़ा हो गया है।

भारत से लगाई मदद की गुहार

तंग आकर प्रदर्शनकारियों ने एलओसी के दूसरी तरफ रहने वाले लोगों और भारत सरकार से मदद की अपील की है। रैली में जब अमान खान ने भीड़ से पूछा कि क्या उन्हें एलओसी की तरफ बढ़ना चाहिए, तो भीड़ ने एक सुर में कहा कि आगे बढ़ो।

गौरतलब है कि इस आंदोलन ने अब हिंसक मोड़ ले लिया है। खबरों के मुताबिक, पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की गोलीबारी में छह नागरिकों की मौत हो गई है। मरने वालों में जाहिद मुगल, जफर मुगल, अर्सलान अकबर और वाजिद हयात जैसे स्थानीय लोग शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *