गाजा में इजरायल के युद्ध पर डच सरकार को चुनौती, एम्स्टर्डम में निकाला गया विशाल मार्च…

एम्सटर्डम में रविवार को 200000 से ज्यादा लोगों ने एक मार्च में हिस्सा लिया। इस मार्च के आयोजकों में से एक एमनेस्टी इंटरनेशनल की डच शाखा के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने डच सरकार से मांग की कि वह गाजा में इजरायल के सैन्य अभियान के खिलाफ सख्त कदम उठाए।

कई प्रदर्शनकारियों ने रेड लाइन मार्च के नाम से जाने जाने वाले इस प्रदर्शन में हिस्सा लेते समय लाल कपड़े पहने थे। उनकी मांग थी कि इजरायल पर व्यापार संबंधी कड़े प्रतिबंध लगाए जाएं, हथियारों की बिक्री बंद की जाए और गाजा में हो रहे उस कत्लेआम को रोकने के लिए कदम उठाए जाएं।

क्या है प्रदर्शनकारियों की मांग?

आयोजकों का कहना है कि डच सरकार को इजरायल पर और सख्त व्यापार प्रतिबंध लगाने चाहिए और उसे हथियारों का निर्यात पूरी तरह से रोक देना चाहिए। एमनेस्टी इंटरनेशनल नीदरलैंड्स ने एक ऑनलाइन पोस्ट में बताया कि इस प्रदर्शन में 200,000 से ज्यादा लोग शामिल हुए। एसोसिएटेड प्रेस (AP) ने भी इस मार्च के बारे में रिपोर्ट दी है।

सरकार के रवैये को लेकर उठाए सवाल

प्रदर्शनकारियों ने इस संघर्ष पर सरकार के रुख की आलोचना की। उनका तर्क था कि राजनयिक दबाव और पहले से लागू प्रतिबंध नाकाफी हैं। प्रदर्शनकारियों के बीच मौजूद माइक वैन डोंगनेन ने कहा, “वहां जो हो रहा है, वह अमानवीय है।” उन्होंने सरकार के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा, “मेरी नजर में वे कुछ नहीं कर रहे हैं। उनमें कोई गंभीर कदम उठाने की हिम्मत ही नहीं है।”

यह मार्च एम्स्टर्डम की एक मुख्य सड़क से होकर गुजरा, जिसे प्रदर्शन के कारण यातायात के लिए बंद कर दिया गया था। बस स्टॉप पर खड़े एक व्यक्ति ने लाउडस्पीकर के जरिए “फ्री, फ्री फिलिस्तीन!” के नारे लगवाए, जिसे वहां से गुजर रहे कई प्रदर्शनकारियों ने भी दोहराया।

यह प्रदर्शन गाजा में इज़राइल के सैन्य अभियान को लेकर चल रहे मतभेदों के बीच हो रहा है। रिपोर्ट में दिए गए आंकड़ों के अनुसार, 7 अक्टूबर 2023 को हमास के नेतृत्व वाले उग्रवादियों ने दक्षिणी इजरायल पर हमला किया था, जिसमें लगभग 1,200 लोग मारे गए थे और 251 लोगों को बंधक बना लिया गया था। इसके बाद ही इजरायल ने यह सैन्य अभियान शुरू किया।

गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, अक्टूबर 2025 में इजरायल और हमास के बीच संघर्ष विराम शुरू होने के बाद से इजरायली सेना द्वारा 1,550 से अधिक फिलिस्तीनी मारे जा चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *