भीषण गर्मी और लंबे समय से जारी सूखे के बीच दक्षिणी फ्रांस में जंगलों में लगी आग ने हालात और गंभीर कर दिए हैं।
औडे और हेराल्ट क्षेत्रों में गुरुवार को भड़की आग करीब 900 हेक्टेयर जंगल में फैल गई। आग पर काबू पाने के लिए 800 से अधिक दमकलकर्मी, 150 दमकल वाहन और चार वाटर बांबर विमान तैनात किए गए हैं।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, आग को तेजी से फैलने से रोकने के लिए लगातार हवाई और जमीनी अभियान चलाया जा रहा है। पड़ोसी क्षेत्र में भी दो स्थानों पर आग लगी थी, जिस पर काबू पा लिया गया है, लेकिन प्रभावित इलाकों में कई जगह आग अब भी पूरी तरह नहीं बुझी है।
फ्रांस के प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू ने कहा कि इस वर्ष गर्मी का मौसम शुरू होने के बाद से जंगलों में आग लगने की 7,000 से अधिक घटनाएं दर्ज की जा चुकी हैं, जिनमें अब तक 8,700 हेक्टेयर क्षेत्र जल चुका है।
उन्होंने कहा कि मौसम की मौजूदा परिस्थितियां आग के खतरे को लगातार बढ़ा रही हैं। औडे क्षेत्र के प्रीफेक्ट एलेन बुकेट ने बताया कि दमकलकर्मी आग को जल्द से जल्द नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि तेज हवाओं के कारण यह और अधिक न फैले।
भूमध्यसागरीय तट से सटा यह इलाका पहले से ही जंगल की आग के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है।
इस बीच, दक्षिणी फ्रांस में टेट नदी के आसपास जंगल में आग लगने के बाद एक रिजॉर्ट के पास स्थित शिविरों से लोगों को सुरक्षित निकाला गया। एहतियात के तौर पर क्षेत्र के सभी लाइफगार्ड स्टेशन बंद कर दिए गए हैं और लोगों को नदी में तैराकी से बचने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में भी बारिश की संभावना कम, तापमान ऊंचा और सूखा बना रह सकता है। ऐसे में भूमध्यसागरीय क्षेत्र में चलने वाली तेज हवाएं जंगल की आग को और भड़का सकती हैं।