वैशाली जिले के बिदुपुर प्रखंड स्थित मधुरापुर नया टोला घाट पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब गंगा नदी के किनारे एक विशाल घड़ियाल दिखाई दिया।
घड़ियाल को रेत पर विचरण करते देख स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई, वहीं इस दुर्लभ दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण घाट पर जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय गंगा किनारे रेत पर एक बड़ा घड़ियाल आराम से घूमता नजर आया। देखते ही देखते इसकी सूचना पूरे इलाके में फैल गई।
घड़ियाल को देखने जुट गई भीड़
आसपास के गांवों से भी लोग घाट पर पहुंचने लगे। कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से घड़ियाल की तस्वीरें और वीडियो भी रिकॉर्ड किए।
घड़ियाल के खुलेआम दिखाई देने की खबर मिलते ही ग्रामीणों ने इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन और वन विभाग को दी। हालांकि समाचार लिखे जाने तक वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची थी। इससे ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है।
संभावित खतरे को देखते हुए गांव के लोगों ने स्वयं सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। बच्चों और महिलाओं को घाट की ओर जाने से रोका जा रहा है।
नदी किनारे नहीं जाने की सलाह
लोगों को नदी किनारे अनावश्यक रूप से नहीं जाने की सलाह दी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि घड़ियाल अचानक किसी व्यक्ति के संपर्क में आ जाए तो हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गंगा नदी में जलस्तर और मौसम में बदलाव के कारण कभी-कभी घड़ियाल या अन्य जलीय जीव नदी के किनारे रेत पर आ जाते हैं।
विशेषज्ञों का भी मानना है कि घड़ियाल अक्सर धूप सेंकने, आराम करने या प्रजनन संबंधी गतिविधियों के लिए सूखी रेत वाले स्थानों का रुख करते हैं और कुछ समय बाद फिर नदी में लौट जाते हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द मौके पर पहुंचकर स्थिति का आकलन करने और आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। फिलहाल मधुरापुर नया टोला घाट क्षेत्र में दहशत और उत्सुकता का माहौल बना हुआ है तथा लोग घड़ियाल की गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं।