शराब के लिए रुपये न देने पर पति ने पत्नी की हत्या कर दी। बिलग्राम क्षेत्र के म्योरा गांव में मंगलवार शाम हुई घटना में बीच बचाव में युवक की मां भी घायल हो गई। गांव वालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया है।
बिलग्राम के ग्राम म्योरा की प्रेमा के तीन बेटे-विशाल , आकाश और विकास हैं। दो बेटे गुजरात में रहते हैं, जबकि विशाल गांव में रहकर खेती करता है। विशाल की शादी तीन साल पहले किरण के साथ हुई थी।
जैसा कि घर वालों ने बताया कि किरण इन दिनों करीब सात महीने की गर्भवती थी। उसकी गोद में एक साल की बेटी भी है। मंगलवार की देर शाम विशाल और उसकी पत्नी किरण के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
बीच-बचाव करने आई मां भी घायल
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि विशाल ने गुस्से में आकर किरण को डंडे से पीटना शुरू कर दिया। मां प्रेमा बचाने आई, तो विशाल ने उनके साथ भी मारपीट की और उन्हें घायल कर दिया।
पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना देकर घायल किरण को सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना को अंजाम देकर भाग रहे आरोपित को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
मृतका के मायके वालों को भी घटना की जानकारी दी गई है। प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।