सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत केएमपी (कुंडली-मानेसर-पलवल) एक्सप्रेसवे के पास बुधवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पोलैंड के एक युवक और आगरा निवासी टैक्सी चालक की मौत हो गई, जबकि युवक के साथ मौजूद पोलैंड की एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैसे हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार आगरा के बसई निवासी नफीस दिल्ली में टैक्सी चलाने का काम करता था। आगरा के ताजमहल के लिए बुकिंग मिलने के बाद वह बुधवार सुबह अपनी स्विफ्ट डिजायर कार लेकर गुरुग्राम स्थित होटल हयात पहुंचा।
वहां से उसने पोलैंड निवासी 29 वर्षीय मज्जीक और 27 वर्षीय अग्नेशका को अपनी टैक्सी में बैठाया और आगरा के लिए रवाना हो गया।
सुबह करीब साढ़े छह बजे केएमपी एक्सप्रेसवे पर अचानक पीछे से आ रहे एक डंपर ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खराब अवस्था में खड़े एक ट्रक में जा घुसी। भीषण टक्कर से कार के परखच्चे उड़ गए।
राहगीरों ने पहुंचाई मदद
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास से गुजर रहे राहगीरों की भीड़ एकत्रित हो गई। उन्होंने तुरंत एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया।
दो की मौत, युवती हायर सेंटर रेफर
अस्पताल में डॉक्टरों ने पोलैंड निवासी मज्जीक और चालक नफीस को मृत घोषित कर दिया। वहीं अग्नेशका की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है।
परिजनों ने दी शिकायत
हादसे की सूचना मिलने के बाद मृतक नफीस के स्वजन जिला नागरिक अस्पताल पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत दी। इसके बाद शवों का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू की गई।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
सदर थाना पुलिस ने अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और डंपर चालक की तलाश में जुटी है।
हादसे के चलते कुछ समय तक एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने वाहन चालकों से हाईवे पर सावधानीपूर्वक और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने की अपील की है।