हांगकांग के अधिकारियों ने बुधवार को शहर में पिछले साल लगी भीषण आग के मामले में सात लोगों और दो कंपनियों पर गैर-इरादतन हत्या और धोखाधड़ी की साजिश रचने जैसे आरोप लगाए।
26 नवंबर 2025 को लगी इस आग ने सात इमारतों को चपेट में ले लिया था और 168 लोगों की मौत हो गई थी।
इस आग ने ताई पो के उपनगरीय इलाके में स्थित वांग फुक कोर्ट को तहस-नहस कर दिया था, जहां हजारों लोग रहते थे।पुलिस और इंडिपेंडेंट कमीशन अगेंस्ट करप्शन ने संदिग्धों पर 25 आरोप लगाए हैं। इनमें मनी लांड्रिंग, सरकारी न्याय प्रक्रिया में बाधा डालने की कोशिश और टैक्स चोरी जैसे मामले भी शामिल हैं।
वांग फुक कोर्ट के बड़े रेनोवेशन प्रोजेक्ट में इन सात लोगों ने अलग-अलग भूमिकाएं निभाई थीं। जिन दो कंपनियों पर आरोप लगाए गए हैं, उनमें प्रोजेक्ट कंसल्टेंसी फर्म विल पावर आर्किटेक्ट्स कंपनी और प्रोजेक्ट से जुड़ी मुख्य कांट्रैक्टर कंपनी प्रेस्टीज कंस्ट्रक्शन एंड इंजीनियरिंग कंपनी शामिल हैं।
सात आरोपितों वोंग हैप-यिन, हाउ वा-किन, हो किन-यिप, एनजी येउक, हंग क्वोक-वाई, चुंग सो-फैन और लिन मिन को बुधवार दोपहर अदालत में पेश किया गया।
इनमें दो कंपनियों के डायरेक्टर शामिल थे। आरोपितों ने अदालत को बताया कि वे अपने ऊपर लगे आरोपों को समझ गए हैं, और उनमें से अधिकतर शांत दिखे।