हाइकिंग ट्रिप बनी आखिरी सफर, अमेरिकी झील से मिला भारतीय छात्र विक्रम मुबायी का शव…

अमेरिका के कैलिफोर्निया में यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, सांता बारबरा (यूसीएसबी) के केमिकल इंजीनियरिंग पीएचडी छात्र विक्रम मुबायी की लाश एक झील में मिली है। वे सोलो हाइकिंग ट्रिप पर गए थे और दो दिन से लापता थे।

स्थानीय रिपोर्ट्स के अनुसार, विक्रम मुबायी 1 अगस्त की शाम को अपने परिवार से आखिरी बार संपर्क में थे। इसके बाद इन्यो काउंटी सर्च एंड रेस्क्यू टीम ने खोज अभियान शुरू किया। 3 अगस्त को बिग पाइन लेक्स इलाके में उनकी लाश बरामद की गई।

अधिकारियों ने कहा कि मौत की परिस्थितियों की जांच जारी है। फिलहाल किसी आपराधिक गतिविधि का कोई संकेत नहीं मिला है।

क्या हुआ था?

विक्रम मुबायी कैलिफोर्निया के इन्यो नेशनल फॉरेस्ट के बिग पाइन लेक्स क्षेत्र में अकेले ट्रेकिंग पर गए थे। परिवार के अनुसार, वे अनुभवी हाइकर थे। उनका जन्म और पालन-पोषण हांगकांग में हुआ था।

लापता होने के बाद उनके भाई-बहन ने रेडिट पर पोस्ट कर मदद मांगी थी। पोस्ट में बताया गया था कि विक्रम 6 फीट 3 इंच लंबे, करीब 170 पाउंड वजन वाले और काले बालों वाले हैं। उन्होंने 1 अगस्त रात को आखिरी लोकेशन शेयर की थी। उनका वाहन अभी भी ट्रेलहेड पर खड़ा था।

परिवार ने लिखा था कि वे काफी अनुभवी हाइकर हैं और हमें लगता था कि वे रास्ते के आसान हिस्से तक पहुंच गए होंगे। इसलिए अब तक लौट आने की उम्मीद थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *