आसाराम को चिकित्सा के लिए हाई कोर्ट से अस्थायी राहत, एक महीने की अनुमति प्रदान…

राजस्थान हाई कोर्ट ने यौन उत्पीड़न के आरोप में आजीवन कारावास की सजा काट रहे आसाराम को एक बार फिर राहत दी है। कोर्ट ने आसाराम को और एक माह तक उपचार के लिए समय दिया है।

आसाराम का जोधपुर के आरोग्यं अस्पताल में आयुर्वेदिक पद्धति से उपचार चल रहा है। आसाराम की ओर से उपचार के लिए अवधि बढ़ाने की याचिका दायर की गई थी।

याचिका पर जस्टिस कुलदीप माथुर की बेंच ने सुनवाई की और अवधि बढ़ाने की याचिका स्वीकार कर ली। अदालत ने साथ ही सरकार से चार सप्ताह के अंदर जवाब मांगा है। कोर्ट ने आसाराम के स्वास्थ्य के बारे में सरकार को रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया है।

आसाराम को एक नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। उसने इस फैसले को चुनौती दी और साथ ही स्वास्थ्य के आधार पर जमानत की मांग की थी, लेकिन राजस्थान हाई कोर्ट ने गत दो जून को अंतरिम जमानत को आगे बढ़ाने से इनकार करते हुए राहत समाप्त कर दी।

करीब दो साल से लगातार बढ़ाई जा रही अंतरिम जमानत पर रोक लगने के बाद आसाराम को फिर से आत्मसमर्पण करना पड़ा और उसे जेल भेज दिया गया लेकिन इसके बाद उसने आरोग्यं अस्पताल में इलाज की अनुमति मांगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *