अमेरिका और इजरायल साथ मिलकर ईरान पर लगातार हमले कर रहे हैं। इस हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत भी हो गई है।
खामेनेई की मौत के बाद ईरान में कुछ लोग जहां मातम मना रहे हैं, वहीं कुछ लोग सुप्रीम लीडर की मौत से खुश हैं।
ईरान ने भी अमेरिका-इजरायल के हमलों का जवाब दिया है। ईरान ने दुनिया के सात देशों में अमेरिका के एयरबेस पर हमला किया। वहीं इजरायल में भी मिसाइलें दागी।
कब तक चलेगा युद्ध?
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जंग एक नए और मुश्किल दौर में पहुंच गया है। इस युद्ध से दुनियाभर के लोग दहशत में आ गए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने लड़ाई के लिए अपनी टाइमलाइन में बदलाव का इशारा दिया है।
एनबीसी से बात करते हुए, डोनल्ड ट्रंप ने बताया कि यह कैंपेन करीब चार हफ्ते तक चल सकता है। ट्रंप ने इसे अब तक के सबसे मुश्किल हमलों में से एक बताया।
अमेरिकी राष्ट्रपति की यह बात तब सामने आई जब ईरान ने मिडिल ईस्ट में जवाबी हमले तेज कर दिए। ईरान ने इजरायल पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए, जिससे वहां के आम लोग मारे गए। ईरान ने पश्चिमी सेनाओं की मेजबानी करने वाले खाड़ी देशों पर हमला किया।
मिडिल ईस्ट में भड़की टेंशन
ईरानी मिसाइल क्षमताओं को बेअसर करने के लिए ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी ने जरूरी और डिफेंसिव एक्शन का सपोर्ट करना शुरू किया है।
लंदन ने हमले में शामिल होने से बचते हुए, अमेरिका से सीमित डिफेंसिव मकसदों के लिए ब्रिटिश बेस इस्तेमाल करने की इजाजत दी है, जिससे यह पता चलता है कि युद्ध का खतरा कितनी तेजी से बढ़ रहा है।