देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली में 8 दिनों में ही पूरा हुआ अगस्त का बारिश कोटा…

देश के कई राज्यों में इस हफ्ते मौसम का मिजाज काफी बिगड़ा रहने वाला है। मौसम विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी बारिश के पुराने रिकॉर्ड टूटते नजर आ रहे हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, इस हफ्ते देश के कई राज्यों में झमाझम बारिश होने के पूरे आसार हैं। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में उत्तराखंड से लेकर हिमाचल प्रदेश तक, मैदानी और मध्य भारत में पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश से लेकर छत्तीसगढ़ तक। इसके अलावा दक्षिण भारत के केरल, तटीय कर्नाटक और दक्षिण अंदरूनी कर्नाटक में अगले 2 दिनों तक भारी बारिश की संभावनाल है।

अगले कुछ घंटों के लिए चेतावनी

मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए आईएमडी (IMD) ने ताजा चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि कुछ राज्यों में अगले कुछ घंटों के दौरान तूफान, बिजली चमकने, 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और मध्यम बारिश की संभावना है।

बता दें कि यह चेतावनी इन खास जिलों और क्षेत्रों के लिए है।

  • मेघालय के इन क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है- दक्षिण गारो हिल्स और दक्षिण पश्चिम खासी हिल्स।
  • छत्तीसगढ़- बेमेतरा, बिलासपुर, कबीरधाम, महासमुंद और मुंगेली।
  • मध्य प्रदेश- अनुपपुर, बालाघाट, छतरपुर, दमोह, डिंडोरी, गुना, जबलपुर, मंडला, रायसेन, सागर, सिवनी, शहडोल, उमरिया और विदिशा।
  • उत्तराखंड- बागेश्वर, चमोली, चंपावत और पिथौरागढ़।

मौसम विभाग ने दी सलाह

इसके साथ ही मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें। पेड़ों या कमजोर ढंकनों के नीचे शरण न लें, घर से निकलने से पहले रास्ते की स्थिति जान लें और बहुत जरूरी न हो तो यात्रा करने से बचें। स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का सख्ती से पालन करें।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की हाल भी जानिए

गौर करने वाली बात यह है कि देश की राजधानी दिल्ली में इस बार अगस्त के महीने में बादलों ने कुछ ज्यादा ही मेहरबानी दिखाई है। दिल्ली ने सिर्फ पहले 8 दिनों में ही पूरे महीने की औसत बारिश का कोटा पार कर लिया है। दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग ने शुरुआती 8 दिनों में ही 230.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज कर ली है।

औसत आंकड़ा पीछे छूटा

मौसम विभाग ने 1991 से 2020 के आंकड़ों के आधार से बताया कि दिल्ली में पूरे अगस्त महीने की सामान्य बारिश 226.8 मिमी होती है, जिसे इस बार सिर्फ 8 दिन में ही पीछे छोड़ दिया गया है।

गौरतलब है कि शनिवार को खत्म हुए 24 घंटों में सफदरजंग में 98.7 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो पिछले दो सालों में अगस्त के एक दिन की सबसे ज्यादा बारिश है। इससे पहले 1 अगस्त 2024 को एक दिन में 107.6 मिमी बारिश हुई थी। लगातार 4 दिनों से दिल्ली में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *