देश के 20 राज्यों में आज भारी बारिश का अलर्ट, यूपी-बिहार में झमाझम बारिश; ओडिशा और छत्तीसगढ़ में रेड अलर्ट…

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार आज देश के 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने लो प्रेशर एरिया की वजह से पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है, जबकि उत्तर भारत से मानसून की विदाई शुरू हो गई है।

दिल्ली-एनसीआर बारिश की संभावना नहीं

दिल्ली-एनसीआर में आज आसमान साफ रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। गर्मी का असर बना रहेगा।

उत्तर प्रदेश

पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि 25 से 27 सितंबर के बीच आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है।

बिहार

आज कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है। 24 और 25 सितंबर को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

ओडिशा में रेड अलर्ट

ओडिशा के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी है। 23 और 24 सितंबर को कोरापुट, गजपति और गंजाम में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। कालाहांडी, नबरंगपुर और मलकानगिरी जिलों में भी 24-25 सितंबर तक रेड अलर्ट लागू है। ओडिशा के कई जिलों में स्कूल बंद करने की सलाह जारी की गई है।

छत्तीसगढ़

राज्य में आंधी-तूफान और बिजली कड़कने के साथ व्यापक बारिश की संभावना है। 23 और 24 सितंबर के लिए बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

अन्य राज्यों का हाल

  • भारी बारिश की संभावना: आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश
  • मध्यम बारिश की संभवना: मध्य प्रदेश, झारखंड, असम, मेघालय, कर्नाटक, केरल, गोवा
  • हल्की बारिश की संभावना: नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा

राजस्थान

राज्य से मानसून की विदाई शुरू हो गई है। ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा। कोटा और उदयपुर संभाग में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *