तिरुअनंतपुरम में मेयर कार्यालय के बाहर माकपा-भाजपा पार्षदों के बीच तीखी झड़प…

तिरुअनंतपुरम नगर निगम में गुरुवार को माकपा और भाजपा पार्षदों के बीच तीखी झड़प और हाथापाई हुई।

यह तनाव मेयर वी.वी. राजेश के कार्यालय के बाहर हालिया राजनीतिक घटनाक्रमों के विरोध के दौरान हुआ। माकपा लगातार भाजपा पार्षद आर. सुगथन के इस्तीफे की मांग कर रही है। उन्हें हाल ही में एक हमले के मामले में गिरफ्तार कर केरल असामाजिक गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम के तहत नामजद किया गया है।

गौरतलब है कि केरल हाई कोर्ट ने निर्धारित प्रारूप से अलग शपथ लेने के कारण कई भाजपा पार्षदों की शपथ अमान्य घोषित कर दी थी।

माकपा का आरोप है कि हाईकोर्ट के आदेश के बाद भाजपा पार्षदों द्वारा ली गई नई शपथ भी प्रक्रिया के अनुरूप नहीं थी। गुरुवार को माकपा पार्षदों ने मेयर के कक्ष के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। जब मेयर भाजपा पार्षदों के साथ कार्यालय में प्रवेश करने लगे, तो माकपा सदस्यों ने उनका रास्ता रोक दिया, जिससे दोनों पक्षों में हिंसक झड़प हो गई।

इस झड़प में मेयर राजेश सहित दोनों पार्टियों के कई पार्षद घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा। बाद में पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति संभाली और मेयर को उनके कक्ष में पहुंचाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *