आगरा में हीट वेव का कहर, कानपुर के सेल्स मैनेजर की मौत; नौतपा से पहले ही चढ़ा पारा…

कुबेरपुर कट पर हीट वेव से कानपुर में डाक बंगला के पास रहने वाले 36 वर्ष विनोद कुमार शर्मा की मौत हो गई। अजमेर में एक मसाला फैक्ट्री में सेल्स मैनेजर विनोद कुमार शर्मा सोमवार को अजमेर से कानपुर जा रहे थे।

बस का इंतजार कर रहे थे

विनोद दोपहर तीन बजे कुबेरपुर कट पर बस से उतरने के बाद कानपुर जाने वाली बस की प्रतीक्षा कर रहे थे। स्वजन ने बताया इसी दौरान तेज गर्मी लगने से वह एक खोखे के पास में पड़े तख्त पर बैठ गए। वहां बैठे बैठे ही उनकी मौत हो गई।

बिना पोस्टमार्टम के लिए शव

स्वजन मंगलवार को शव को पोस्टमार्टम गृह से साथ ले गए। उन्होंने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव स्वजन को सौंप दिया।

आगरा में जारी हुआ ऑरेंज अलर्ट

आगरा में मंगलवार को भी आसमान से आग बरसी। सुबह से ही सूरज की तीखी किरणों ने पसीना छुड़ाया। सुबह 10:30 बजे से लू चलने लगी। तेज धूप और लू में घर से बाहर निकलने पर त्वचा झुलस गई। आंखों में जलन का अहसास हुआ। इससे पहले सोमवार को लू का असर रात तक देखने को मिला, गर्म हवा चलती रही।

मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार गर्मी से एक सप्ताह तक राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। दिन और रात के तापमान में वृद्धि के साथ लू चलेगी। विभाग ने इसे देखते हुए आरेंज अलर्ट जारी किया है। 

ये करे बचाव

  • सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक घर से निकलने से बचें।
  • दोपहर में लंबे समय तक धूप के संपर्क में आने से बचें l
  • हल्के, ढीले व हल्के रंग के पूरी बांह के सूती कपड़े पहनें। 
  • सनग्लासेज लगाने के साथ सनस्क्रीन का उपयोग करें।
  • धूप में जाते समय सिर को कपड़े, टोपी या छाते से ढककर रखें।
  • स्वयं को हाईड्रेटेड रखने के लिए ओआरएस घोल, घर में बने पेय पदार्थ लस्सी, चावल के पानी का उपयोग करें।

आने वाले दिनों में चलेगी लू

मौसम विज्ञानी मो. दानिश ने बताया कि एक सप्ताह तक शुष्क मौसम रहने से दिन और रात के तापमान में वृद्धि देखने को मिलेगी। लू चलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *