अपमानजनक टिप्पणियों को लेकर टीवी पत्रकार अंजना ओम कश्यप (Anjana Om Kashyap)ने ‘खान सर’ (Khan Sir) समेत कई लोगों के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट में मानहानि का केस किया है। इस याचिका पर सोमवार, 8 जून को सुनवाई हो सकती है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, अंजना ने एक टीवी शो में स्टार टीचर्स के बढ़ते प्रभाव पर सवाल उठाए थे। इसके जवाब में खान सर ने अंजना पर कई टिप्पणियां की थीं। अंजना का आरोप है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर चलाए गए वीडियो और पोस्ट में उन्हें ‘बिकाऊ पत्रकार’, ‘चाटुकार’ जैसे अपमानजनक शब्द कहे गए।
साथ ही उन पर ‘फेक न्यूज की दुकान चलाने’ का भी आरोप लगाया गया। अंजना का कहना है कि इन पोस्ट की वजह से उनके परिवार को उत्पीड़न, अवांछित ध्यान और सुरक्षा की परेशानी झेलनी पड़ी।
2 करोड़ रुपये हर्जाने की मांग
याचिका में खान सर, अभिनव सर, बबीता त्यागी समेत अन्य पर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है। अंजना ने यूट्यूब, मेटा और एक्स से संबंधित सामग्री हटाने की मांग की है। इसके अलावा 2 करोड़ रुपये हर्जाने की भी मांग की गई है।
यह विवाद नीट-यूजी और शिक्षा व्यवस्था पर एक लाइव चर्चा के दौरान शुरू हुआ था। तब अंजना ओम कश्यप ने कहा था कि कई यूट्यूब स्टार टीचर पढ़ाई से ज्यादा व्यूज, लोकप्रियता और ड्रामे पर फोकस करते हैं।