श्रावण कांवड़ मेले के लिए हरिद्वार तैयार: 70 हजार वाहनों की पार्किंग व्यवस्था, श्रद्धालुओं को मिलेंगी सभी मूलभूत सुविधाएं…

श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को लेकर हरिद्वार में प्रशासनिक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। शिवभक्तों की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए पुलिस और प्रशासन ने वाहनों की आवाजाही और पार्किंग को लेकर व्यवस्थित योजना तैयार की है।

पुलिस-प्रशासन की ओर से इस वर्ष कांवड़ मेले के लिए कुल 70 हजार वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जिनमें ट्रक, टैक्ट्रर, हल्के और दोपहिया वाहन शामिल हैं।

प्रशासन ने प्रमुख प्रवेश मार्गों से आने वाले वाहनों के आधार पर विभिन्न पार्किंग स्थलों को चिह्नित किया है। दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश से आने वाले भारी वाहनों (ट्रक) के लिए बैरागी पार्किंग व दक्षद्वीप पार्किग को मुख्य केंद्र बनाया है।

इसकी क्षमता करीब 30 हजार भारी वाहनों की है। यहां से हरकी पैड़ी की दूरी करीब पांच किलोमीटर है। कांवड़ लाने वाले दूसरे भारी वाहनों के लिए हरी राम इंटर कालेज में 100 वाहनों की क्षमता की पार्किंग चिह्नित की गई है। इस स्थल से हरकी पैड़ी की दूरी दो किलोमीटर है।

ऋषिकुल ग्राउंड और रामलीला ग्राउंड पार्किंग को सभी रोडवेज बसों और कांवड़ लाने वाले हल्के वाहनों के लिए आरक्षित किया गया है। ऋषिकुल ग्राउंड में 1000 दोपहिया व 500 भारी वाहनों की पार्किंग व्यवस्था है, जबकि रामलीला ग्राउंड 500 हल्के वाहनों की क्षमता रखता है।

मुरादाबाद, बिजनौर और नजीबाबाद से आने वाले भारी वाहनों को गौरीशंकर, नीलधारा पार्किंग में रोका जाएगा, जहां करीब 10 हजार भारी वाहनों की क्षमता है। हरकी पैड़ी से नीलधारा की दूरी छह किलोमीटर है। देहरादून से आने वाले भारी वाहनों के लिए मोतीचूर पार्किंग में करीब 100 भारी वाहनों की क्षमता है।

यहां से हरकी पैड़ी की दूरी चार किमी है। इन सभी पार्किंग स्थलों पर स्वास्थ्य, पेयजल सुविधा के साथ सुरक्षा, दिशा संकेतक एवं सफाई की व्यवस्थाएं की जा रही हैं। यह व्यवस्था 30 जुलाई से शुरू हो रहे कांवड़ मेले के दौरान प्रभावी रूप से लागू की जाएगी।

कांवड़ यात्रियों के लिए बनाए गए अन्य प्रमुख पार्किंग स्थल व हरकी पैड़ी से दूरी

  • बैरागी व दक्षद्वीप पार्किग- 30 हजार भारी वाहन (5 किमी)
  • अलकनंदा पार्किंग- 800 दोपहिया वाहन (1.5 किमी)
  • रोड़ीबेलवाला पार्किंग- 10 हजार दोपहिया वाहन (0.5 किमी)
  • दीनदयाल पार्किंग-1500 हल्के वाहन (0.5 किमी)
  • सर्वानंद घाट पार्किंग- 200 हल्के वाहन (3 किमी)
  • पंतदीप पार्किंग – 3500 हल्के वाहन (1 किमी)
  • चमगादड़ टापू पार्किंग- 10 हजार हल्के व दोपहिया वाहन (1 किमी)
  • लालजीवाला पार्किंग-1500 हल्के वाहन (1 किमी)
  • गौरीशंकर नीलधारा पार्किंग- 10 हजार भारी वाहन (6 किमी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *