गूगल मैप पर भरोसा करना पड़ा भारी, बंगाल में रास्ता भटककर खदान में गिरी बाइक; रातभर गड्ढे में पड़ा रहा घायल युवक…

बंगाल के पश्चिम बर्दवान में गूगल मैप के सहारे गंतव्य तक पहुंचने की कोशिश कर रहा एक बाइक चालक शुक्रवार की रात इस्टर्न कोल फील्ड (ईसीएल) की खदान में जा गिरा। रातभर उसका पता नहीं चला।

शनिवार की सुबह मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसके भाटमुरा गांव जाने वाले रास्ते पर होने का पता चला। इसके बाद पांडवेश्वर पुलिस और ईसीएल की टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी की मदद से युवक को खदान से बाहर निकाला गया और स्वास्थ्य परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया।

बताया गया कि पश्चिम बर्दवान निवासी केबल ऑपरेटर प्रसून बनर्जी शुक्रवार को पांडवेश्वर आया था। रात होने के कारण रास्ते की जानकारी नहीं होने पर उसने गूगल मैप का सहारा लिया।

मैप के निर्देश पर वह भाटमुरा गांव की ओर चला गया। यह रास्ता धंसान के कारण पहले से क्षतिग्रस्त है, इस पर आवागमन बंद है। इसके बावजूद मैप पर मार्ग बंद होने का संकेत नहीं मिला।

अंधेरे में प्रसून बाइक समेत खदान के गड्ढे में जा गिरा। रातभर स्वजन फोन करते रहे, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। सुबह पुलिस की मदद से मोबाइल लोकेशन ट्रेस की गई। स्थानीय युवकों ने जेसीबी की मदद से युवक को बाहर निकाला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *