आना था इंदौर भेज दिया पुणे… एअर इंडिया की लापरवाही के कारण रातभर भटका इंदौर का दंपति…

विमान कंपनी एअर इंडिया की लापरवाही और असंवेदनशील रवैये का एक मामला गुरुवार को सामने आया। केरल भ्रमण के बाद कोच्चि से इंदौर लौट रहे इंदौर निवासी दंपती को एअर इंडिया की लापरवाही ने पूरी रात एयरपोर्ट पर भटकने को मजबूर कर दिया।

हैरानी की बात यह रही कि घंटों की देरी, फ्लाइट छूटने और मानसिक यातना के बावजूद कोई सुविधा नहीं दी गई। दंपती ने पूरी रात एयरपोर्ट की कुर्सियों पर बैठकर गुजारी।

इंदौर के खातीवाल टैंक में रहने वाले योगेश वाधवानी अपनी पत्नी खुशबू के साथ केरल भ्रमण पर गए थे। वापसी में कोच्चि से उड़ान एआइ-1873 दोपहर 1.30 बजे दिल्ली के लिए निर्धारित थी। दिल्ली से इंदौर की कनेक्टिंग उड़ान पहले से बुक थी।

बुधवार सुबह कोच्चि एयरपोर्ट पहुंचते ही मोबाइल पर फ्लाइट रिशेड्यूल होने का संदेश मिला। योगेश ने बताया कि उड़ान का समय पहले 4.30 बजे किया गया, फिर 5.30 बजे।

सुबह से शाम तक दोनों लोग एयरपोर्ट पर बैठे रहे, लेकिन एअर इंडिया ने न भोजन दिया, न लाउंज सुविधा। शाम की उड़ान से रात 8.30 बजे दिल्ली पहुंचे, लेकिन शाम सात बजे इंदौर की कने¨क्टग उड़ान जा चुकी थी।

एयर इंडिया ने वैकल्पिक व्यवस्था के नाम पर दंपती को दिल्ली से रात 12 बजे पुणे की उड़ान में बैठा दिया। रात 2.30 बजे पुणे पहुंचे और पूरी रात एयरपोर्ट पर गुजारने के बाद फिर सुबह आठ बजे की फ्लाइट से इंदौर आए।

चंद घंटों के सफर को 24 घंटे का कर दिया। योगेश का कहना है कि पूरी रात परेशान रहे। न होटल की सुविधा दी गई और न मुआवजा और न ही महिला यात्री होने के बावजूद कोई विशेष सहायता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *